सीहोर जिले से बड़ी खबर, घर में मिले मीणा समाज के तीन लोगों के शव, पति-पत्नी और बेटे की मौत से मचा हड़कंप, हत्या की आशंका
By Ashish Meena
नवम्बर 18, 2026
मालवा जंक्शन, सीहोर।
सीहोर जिले के बुधनी नगर के वार्ड-12 में बुधवार सुबह एक घर में पति-पत्नी और उनके बेटे के शव मिले। मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45 साल), उनकी पत्नी राधा मीणा (40 साल) और बेटे अश्विन (24 साल) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में तीनों के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि मंगलवार रात तीनों की हत्या की गई।
सूचना मिलते ही एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हत्या की वजह का पता लगा रही पुलिस
एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि तीनों के सिर पर चोट के निशान हैं। मृतकों के परिजन मौके पर नहीं मिले हैं। फिलहाल, घटना से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस हत्या की आशंका को देखते हुए घटना स्थल से साक्ष्य जुटा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वारदात किसने और किस वजह से की।
