पापा बचाओ…चिल्लाती हुई भागती रहीं छात्राएं, छेड़खानी करते रहे बाइक सवार 4 युवक, दिनदहाड़े खेत में ले जाने की कोशिश

By Ashish Meena
अक्टूबर 5, 2024

उत्तर प्रदेश के देवरिया में स्कूल से लौट रही कक्षा 8वीं में पढ़ने वाली 2 छत्राओं के साथ दिनदहाड़े छेड़छाड़ की वारदात का मामला सामने आया है. यह पूरी वारदात सीसीटीवी में भी कैद हो गई है. जिसके मुताबिक बाइक सवार 4 युवकों ने पहले लड़कियों से छेड़खानी की, जिससे लड़कियां साइकिल से गिर गई. इसके बाद एक लड़के ने एक लड़की को धान के खेत में ले जाने की कोशिश भी की.

हालांकि, इस पर छात्राएं चिल्लाने लगीं. वहीं, मौका पाकर एक छात्रा वहां से शोर मचाते हुए भागने लगी. जिसके बाद शोर सुनकर स्थानीय लोग भी पहुंच गए. लेकिन तबतक बाइक सवार भाग गए थे. जानकारी के मुताबिक दोनों छात्राएं साइकिल से परीक्षा देने गईं थीं. परीक्षा देकर वह वापस आ रही थीं. इसी दौरान उनसे छेड़खानी हुई.

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए देवरिया के पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि 2 लड़कियों को कुछ बाइक सवारों द्वारा परेशान करने और उनका पीछा करने का मामला सामने आया है. लड़कियों ने दोनों पर छेड़खानी का आरोप लगाया है. शिकायत पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है.

मामले की जांच के लिए पुलिस की 5 टीमें बनाई गई हैं. हालांकि, अभी आरोपियों की पहचान नहीं की जा सकी है. आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी की मदद ली जा रही है. साथ ही लड़कियों से भी आरोपियों को लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधीक्षक ने दावा करते हुए कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»