देवास जिले की खातेगांव तहसील में युवक ने जहर खाकर दी जान, वीडियो में बोला- जमीन विवाद में 3-4 लोगों ने दबाव बनाया

By Ashish Meena
मई 21, 2026

देवास जिले की खातेगांव तहसील के ग्राम दावठा में एक दलित युवक ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। मृतक का नाम अर्जुन मेहंदिया था, जिसकी उम्र 38 साल थी। बताया जा रहा है कि जमीन के झगड़े और कुछ लोगों के दबाव से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

जहर खाने से पहले अर्जुन ने इंस्टाग्राम पर करीब चार मिनट का एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उसने गांव के ही 3-4 लोगों का नाम लेते हुए उन पर जमीन विवाद और रुपयों के लेन-देन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। अर्जुन ने वीडियो में साफ कहा कि उस पर बहुत ज्यादा दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह टूट गया था।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई मौत

परिजन ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे जब अर्जुन की तबीयत बिगड़ी, तो उसे तुरंत खातेगांव के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे प्राथमिक इलाज देने के बाद हालत गंभीर देख इंदौर रेफर कर दिया।

जब वह खातेगांव के अस्पताल में था, तब पुलिस और तहसीलदार भी वहां पहुंच गए थे और अर्जुन के बयान दर्ज किए गए। लेकिन इंदौर पहुंचने से पहले ही चापड़ा के पास रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

बुधवार रात करीब पौने नौ बजे घरवाले शव को लेकर वापस खातेगांव के सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मर्चुरी में रखवाया गया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

गांव वालों ने बताया कि अर्जुन के पास करीब 3 से 4 एकड़ जमीन थी और वह ड्राइवरी करके अपना घर चलाता था। उसके परिवार में पत्नी चिंता बाई और दो छोटे बेटे अंशु (12 साल) और शिवांश (10 साल) हैं। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।