भोपाल: स्ट्रीट लाइट पोल में उतरे करंट से BJYM जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी का निधन, CM मोहन यादव ने दिए जांच के आदेश
By Ashish Meena
सितम्बर 28, 2026
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपी नगर स्थित डीबी मॉल के पास से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM), भोपाल महानगर के जिला महामंत्री एवं युवा अधिवक्ता दिव्यऋषि तिवारी का एक हादसे में करंट लगने से असमय निधन हो गया। इस दुखद हादसे के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा और वकील समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
डीबी मॉल के पास शॉपिंग के बाद हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, दिव्यऋषि तिवारी अपने परिवार के साथ डीबी मॉल में खरीदारी करने पहुंचे थे। शॉपिंग के बाद जब वे सड़क पार कर रहे थे, तभी सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे (पोल) के संपर्क में आने से उन्हें बिजली का जोरदार झटका लगा। हादसे के दौरान उनकी पत्नी भी करंट की चपेट में आई थीं, लेकिन वे अलग होने में सफल रहीं। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने सीपीआर (CPR) देकर बचाने का प्रयास किया और फिर उन्हें एम्स ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया गहरा शोक
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा:
“भारतीय जनता युवा मोर्चा, भोपाल महानगर के जिला महामंत्री एवं युवा अधिवक्ता श्री दिव्यऋषि तिवारी जी का दुखद हादसे में निधन का समाचार हृदयविदारक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। इस दुखद घटना को लेकर जिला प्रशासन को जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें।”
प्रशासनिक जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल सार्वजनिक स्थल के खंभे में करंट दौड़ने की इस घटना के बाद स्थानीय बिजली व्यवस्था और देखरेख पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने संबंधित खंभे के खुले तार को अलग करवा दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिला प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहा है ताकि जिम्मेदारी तय की जा सके।
