दो दिन से गायब मजदूर का नदी में मिला शव, हाथ पर लिखे नाम से खुली पहचान की गुत्थी
By Ashish Meena
सितम्बर 19, 2026
देवास जिले में शिप्रा नदी से शुक्रवार को इंदौर के भोंडवास निवासी अर्जुन खोखरिया का शव मिला। अर्जुन पिछले दो दिनों से लापता थे। वह मजदूरी का काम करते थे और दो दिन पहले काम पर जाने के बाद घर नहीं लौटे थे।
जानकारी के अनुसार, शिप्रा नदी में मवेशी चराने गए लोगों ने पानी में शव देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया।
मृतक के हाथ पर उसका नाम लिखा था, जिससे उसकी पहचान अर्जुन खोखरिया के रूप में हुई। मृतक के काका बहादुर ने बताया कि अर्जुन दो दिन से लापता थे। वह मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करते थे।
अर्जुन के परिवार में दो बच्चे हैं। शव मिलने की सूचना के बाद से परिजनों में दुख का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
