प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर खातेगांव में दीपोत्सव, 2121 दीपों से जगमगाया नगर

By Ashish Meena
सितम्बर 18, 2026

खातेगांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा मंडल खातेगांव ग्रामीण द्वारा विभिन्न सेवा गतिविधियों और दीपोत्सव कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रदेश संगठन के आह्वान और जिला संगठन के निर्देश पर विधायक आशीष शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण किया गया। बूथ केंद्रों पर 101 दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के जन्मदिन को उत्सव के रूप में मनाया गया। खातेगांव नगर में जवाहर चौक चौपाटी पर शाम को दीप उत्सव, रंगोली और रंग-बिरंगी रोशनी से सजावट की गई। आयोजकों के अनुसार नगर में 2121 दीप प्रज्वलित किए गए।

इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खातेगांव में मरीजों को फल वितरित किए गए। अस्पताल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ वृक्षारोपण भी किया गया। शाम को प्राचीन राम मंदिर में दीप उत्सव के साथ हनुमान चालीसा का पाठ, भगवान राम की आरती और प्रसाद वितरण किया गया।

सुषमा स्वराज स्टेडियम में विधायक आशीष शर्मा ने सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण ले रही महिलाओं को मिठाई खिलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और देश के विकास से जुड़े प्रयासों का उल्लेख करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित गुर्जर, विधानसभा प्रभारी डॉ. आरएन यादव, वीरेंद्र सिंह राजावत, नगर परिषद अध्यक्ष सारिका नरेंद्र चौधरी, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश राबड़िया, पंकज पटेल, दीपक पटेल, धीरज जोशी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»