मध्यप्रदेश में अब किसानों को जीरो ब्याज पर मिलेगा खाद, कर्ज चुकाने की टेंशन खत्म, CM मोहन यादव ने किया ऐलान

By Ashish Meena
अगस्त 22, 2026

कृषि उपज मंडी पिपरसमा में शनिवार को आयोजित राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नई दिल्ली से वर्चुअली जुड़े और किसानों को कई बड़ी सौगातों का ऐलान कर गए। मुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि, अब आप खाद के लिए चिंता मत करो। सरकार ने जीरो प्रतिशत ब्याज पर अग्रिम खाद देने का फैसला किया है। पहले किसानों को 31 मार्च तक कर्ज चुकाना पड़ता था, अब यह बाध्यता खत्म। किसान एक साल में कभी भी अपना ऋण चुका सकेंगे।

अब किसानों को लाइन में लगने की जरूरत नहीं

उनका कहना था कि, ई-वितरण प्रणाली को भी आसान बनाया गया है। ई-वितरण 2.0 में किसान अपनी मर्जी का कोई भी एक उर्वरक बिना किसी बंडल के खरीद सकेगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 अगस्त से पूरे प्रदेश में फॉर्मर आईडी बनाने का महा-अभियान शुरू हो गया है। अब किसानों को लाइन में लगने की जरूरत नहीं, सरकारी टीमें खुद गांव-गांव जाकर फार्मर आईडी बनाएंगी। उन्होंने सभी किसानों से अनिवार्य रूप से आईडी बनवाने की अपील की।

खेती से आगे बढ़कर, होम-स्टे भी शुरू करें किसान

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिव की नगरी शिवपुरी को केन-बेतवा-पार्वती-सिंध-महुअर नदियों का पंचामृत मिल रहा है। यहां के किसानों की मूंगफली का डंका पूरे देश में बज रहा है। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर बागवानी, डेयरी, मत्स्य पालन और होम-स्टे जैसे नए रास्ते अपनाने को कहा।

इस कार्यक्रम में किसानों के लिए सबसे बड़ी घोषणा बिजली को लेकर रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल से जो किसान चना और गन्ना लगाएंगे, उन्हें पूरे दिन में बिजली दी जाएगी। रात में जागकर सिंचाई करने का झंझट खत्म होगा। उन्होंने यह भी बताया कि माधव टाइगर रिजर्व बनने से जिले में पर्यटन बढ़ा है, जिसका सीधा लाभ किसानों को होम-स्टे से मिलेगा।

किसानों से की बात, मेधावी छात्रों का किया सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले के प्रगतिशील किसान, सुरेन्द्र सिंह सेंगर, वीरू ओझा और त्रिलोचन सिंह गिल से सीधी बात की। पशुपालक वीरू ओझा ने बताया कि वह पशुपालन और नस्ल सुधार से 12 से 15 लाख रुपये सालाना कमा रहे हैं। इस दौरान 10 उन्नत किसानों को सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा की स्टेट मेरिट में आने वाली तुलसी राजावत, चंचल कुशवाहा, कान्हा शर्मा सहित 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मंच से सम्मानित किया गया।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।