मध्यप्रदेश में इंसानियत शर्मसार! आटे की लोई में छिपाए बम फटे, चबाते ही 3 गायों की मौत, 11 गोवंश के मुंह-जबड़े फटे, बम स्क्वॉड की टीम कर रही जांच

By Ashish Meena
मई 5, 2026

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शाहपुर इलाके में पानी की तलाश में एक तालाब के किनारे पहुंचे गोवंश अमानवीय क्रूरता का शिकार हो गए। अज्ञात लोगों द्वारा वहां रखे गए विस्फोटकों (जिन्हें आटे के गोलों का रूप दिया गया था) को चबाते ही जोरदार धमाके हुए, जिससे 3 गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गोवंश गंभीर रूप से घायल होकर तड़प रहे हैं।

मामला शाहपुर के कोयलारी गांव (पंचायत कछार) में मंगलवार का है। यहां राकेश चौहान के खेत के पास बने एक छोटे तालाब पर गोवंश पानी पीने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां रखे आटे के गोले जैसे दिखने वाले एक संदिग्ध पदार्थ को खाते ही जोरदार धमाके हुए। जांच के लिए नर्मदापुरम से बम स्क्वाड पहुंची है।

Also Read – चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान, कहा- में इस्तीफा नहीं दूंगी, हम हारे नहीं, हराया गया, मैंने इस तरह का अत्याचार नहीं देखा

आटे की लोई में छिपाकर रखा था बम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट इतना भयानक था कि कई गोवंश के मुंह पूरी तरह फट गए और उनके जबड़े तक अलग हो गए। सूचना मिलने पर ग्रामीण, हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आटे की लोई के आकार में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी, जिसे खाने से यह हादसा हुआ।

जबड़े पूरी तरह उड़े, खा-पी नहीं सकेंगे

हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने बताया कि गायों के जबड़े पूरी तरह उड़ गए हैं। वे जीवित तो हैं, लेकिन अब कुछ भी खा-पी पाने की स्थिति में नहीं हैं। घटनास्थल पर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, पटवारी और पशु चिकित्सकों की टीम मौजूद है। घायल गोवंश का इलाज जारी है।

नर्मदापुरम से बम स्क्वॉड टीम बुलाई

भौंरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक नीरज खरे ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह देसी “सुअर मार बम” जैसा विस्फोटक प्रतीत हो रहा है। इसकी पुष्टि के लिए नर्मदापुरम से बम स्क्वॉड टीम बुलाई गई है, जो घटनास्थल पर जांच कर रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»