MP पुलिस में बड़ा फेरबदल, 10 IPS समेत 137 अफसरों के तबादले, 127 DSP स्तर के अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी

By Ashish Meena
सितम्बर 14, 2026

मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में रविवार रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। गृह विभाग ने 10 IPS अधिकारियों और 127 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों समेत कुल 137 पुलिस अफसरों के तबादले किए हैं। सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। लंबे समय से मैदानी और पुलिस मुख्यालय स्तर पर पदस्थ अधिकारियों में इस बदलाव को अहम माना जा रहा है।

जारी तबादला सूची में 2023 बैच के 4 और 2024 बैच के 6 IPS अधिकारी शामिल हैं। सूची के अनुसार आलोक कुमार वर्मा को देवास से स्थानांतरित कर नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), रीवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मनीष भारद्वाज को साइबर पुलिस मुख्यालय से ACP कोतवाली, नगरीय इंदौर बनाया गया है। मनोज कुमार को ACP एमपी नगर, नगरीय भोपाल की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह वैभव प्रिया का तबादला रतलाम से SDOP नेपानगर, शुभम सिंह ठाकुर को जबलपुर से SDOP गाडरवारा और अमित कुमार को खंडवा से स्थानांतरित कर SDOP सिंगरौली पदस्थ किया गया है।

127 DSP स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली

तबादला सूची में राज्य पुलिस सेवा के 127 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें उप पुलिस अधीक्षक (DSP), SDOP, नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) और सहायक सेनानी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। कई अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से मैदानी पदस्थापना दी गई है, जबकि विभिन्न जिलों में तैनात SDOP और नगर पुलिस अधीक्षकों को भी नई जगह भेजा गया है।

सूची में प्रशिक्षु DSP और कार्यवाहक DSP स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। बड़े पैमाने पर हुए इस फेरबदल के बाद अब नई पदस्थापना पर अधिकारियों के कार्यभार संभालने के साथ संबंधित जिलों और नगरीय क्षेत्रों में पुलिसिंग की नई जिम्मेदारियां शुरू होंगी।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।