देवास जिले के बागली में दूध गर्म करते ही बना रबड़! खाद्य विभाग की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल, सैंपल लेने के बाद क्यों नहीं आती जांच रिपोर्ट?
By Ashish Meena
सितम्बर 3, 2026
मालवा जंक्शन, बागली।
देवास जिले के बागली से सामने आए रबड़ जैसी जैली बने दूध के मामले ने एक बार फिर गुणवत्ता और मिलावट को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां दूध को गर्म करने पर वह फटने या मावा बनने के बजाय रबड़ जैसी जैली में बदल गया और हाथ से खींचने पर चिंगम की तरह खिंचता नजर आया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
बागली से सटे ग्राम छतरपुरा निवासी राहुल पाटीदार के मुताबिक, उन्होंने बागली की एक निजी दूध डेरी से दूध खरीदा था। घर पर दूध गर्म किया तो उसकी यह अजीब स्थिति सामने आई। शिकायत करने पर डेरी संचालक ने इसे गाय की तासीर का असर बताया, लेकिन राहुल का कहना है कि 4 से 5 अन्य लोगों ने भी इसी तरह के दूध की शिकायत की थी।
खास बात यह है कि इससे पहले भी भारतीय किसान संघ ने हाटपीपल्या तहसीलदार को ज्ञापन देकर क्षेत्र में केमिकलयुक्त दूध, मिलावटी मावा और पनीर की बिक्री की शिकायत की थी, लेकिन इसके बाद भी मिलावट को लेकर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। अब इस मामले के सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने संबंधित डेरी और दूध के सैंपल लेकर जांच कराने की बात कही है।
हालांकि सवाल यह है कि सैंपल लेने के बाद जांच रिपोर्ट कब सामने आएगी और अगर मिलावट पाई जाती है तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी? फिलहाल वायरल वीडियो ने बागली में बिक रहे दूध की गुणवत्ता और खाद्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
