MP: गेहूं में रखी कीटनाशक, गैस फैलने से 2 बच्चों की मौत, 3 गंभीर, नानी के घर छुटि्टयां मनाने आए थे बच्चे
By Ashish Meena
अप्रैल 16, 2026
मध्यप्रदेश के उज्जैन में कीटनाशक से बनी गैस की वजह से दो बच्चों की मौत हो गई जबकि एक की हालत नाजुक है। हादसा इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी हिल्स में लालचंद प्रजापत के घर हुआ।
पुलिस के मुताबिक, लालचंद की बड़ी बेटी पूजा की शादी शाजापुर और छोटी बेटी रीना की शादी कायथा में हुई है। गर्मियों की छुटि्टयां बिताने दोनों बहनें करीब 10 दिन पहले बच्चों के साथ मायके उज्जैन आई हैं।
सोमवार रात सभी लोग एक ही कमरे में सोए। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सभी की तबीयत बिगड़ गई। डेढ़ माह की त्रिशा के मुंह से झाग निकलता देख उसे अस्पताल ले गए। उसने इलाज के दौरान मंगलवार शाम दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह 4 साल की अनिका उर्फ अन्नू की भी मौत हो गई।
एक बच्ची इंदौर रेफर, दो उज्जैन में भर्ती
जेनिशा को हालत नाजुक होने की वजह से इंदौर रेफर किया गया है। रेहान और येशु का इलाज उज्जैन के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी जांच कर रही है।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि जिस कमरे में सभी लोग सो रहे थे, उसमें करीब चार क्विंटल गेहूं रखा था। इसमें कीटनाशक दवा डाली गई थी। जिसकी गैस रातभर कमरे में फैलती रही।
पोस्टमॉर्टम से पता लगेगा सही कारण
बच्चों का इलाज कर रहे डॉ. जितेंद्र शर्मा ने कहा- गेहूं में रखने के लिए जिस सल्फास का इस्तेमाल किया जाता है, उससे गैस बनती है। यदि कमरे में खिड़कियां नहीं हैं तो इससे दम घुट सकता है। ऐसे में बच्चों की उम्र कम होने की वजह से मौत भी संभव है।
हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों का सही कारण पता चल सकेगा।
11 अप्रैल को अनिका का जन्मदिन मनाया था
बच्चों की नानी कला बाई प्रजापत ने रोते हुए बताया कि पूजा के बड़ी बेटी त्रिशा की मौत हो गई है जबकि जेनिशा की हालत नाजुक है।
रीना के तीन माह के बेटे रेहान का उज्जैन के अस्पताल में इलाज चल रहा है। बेटी अनिका की जान चली गई है। वहीं, बेटे नीतेश की 3 साल की बेटी येशु भी अस्पताल में भर्ती है।
उन्होंने बताया कि एक हफ्ते पहले ही गेहूं में डालने के लिए दवा खरीदी थी। 4 क्विंटल गेहूं में सात पुड़िया रखी थीं। नहीं पता था कि यह जानलेवा बन जाएगी।
