ग्वालियर में शादी का झांसा देकर नर्स से दुष्कर्म: बॉयफ्रेंड ने दूसरी युवती से की सगाई, पीड़िता ने दर्ज कराई FIR
By Ashish Meena
सितम्बर 30, 2026
ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर नर्स के साथ चार साल तक शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ काम करने वाले श्रीकांत शर्मा ने प्यार का इजहार कर शादी का वादा किया और लगातार उसका शोषण करता रहा।
बाद में आरोपी ने दूसरी युवती से सगाई कर ली। पीड़िता ने विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने आत्महत्या करने की धमकी दी।
नौकरी के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार थाटीपुर निवासी 27 वर्षीय पीड़िता बीएससी नर्सिंग कर चुकी है और वर्तमान में निजी अस्पताल में काम करती है। वर्ष 2022 में एक निजी अस्पताल में नौकरी के दौरान उसकी मुलाकात वहां काम करने वाले श्रीकांत शर्मा से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पीड़िता का आरोप है कि श्रीकांत ने शादी का भरोसा देकर उसे अपने अशोक कॉलोनी स्थित कमरे पर बुलाना शुरू किया और शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के मुताबिक जब वह संबंध बनाने से इनकार करती तो आरोपी शादी का भरोसा देकर उसे मना लेता था। 27 जनवरी 2026 को आरोपी आखिरी बार उसके कमरे पर आया। इसके बाद उसने दूरी बनानी शुरू कर दी।
जाति अलग होने का बहाना बनाया
पीड़िता ने जब बातचीत बंद करने का कारण पूछा तो श्रीकांत ने जाति अलग होने की बात कहते हुए शादी से इनकार कर दिया। कुछ दिन बाद पीड़िता को पता चला कि उसने दूसरी युवती से सगाई कर ली है। पीड़िता ने इसका विरोध करते हुए पुलिस में जाने की बात कही तो आरोपी ने आत्महत्या करने की धमकी दी।
इसके बाद पीड़िता ने थाटीपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी विपेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि शिकायत पर श्रीकांत शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
