रैश ड्राइविंग पर टोका तो थार सवारों ने रोकी वकील की कार, सरेराह गोली मारने की धमकी

By Ashish Meena
सितम्बर 14, 2026

भोपाल में रैश ड्राइविंग को लेकर हुए विवाद के बाद एक वकील की कार रोककर धमकाने का मामला सामने आया है। दाता कॉलोनी के पास देर रात थार सवार युवकों पर एडवोकेट शादाब खान की कार रोककर अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। घटना के बाद पीड़ित वकील ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में दूसरी ओर से भी शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है।

रात करीब 11:45 बजे का मामला

बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 11:45 बजे की है। एडवोकेट शादाब खान अपनी कार से दाता कॉलोनी की ओर से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर रैश ड्राइविंग को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद थार में सवार युवकों ने अपनी गाड़ी वकील की कार के आगे अड़ा दी और उनका रास्ता रोक लिया।

बेसबॉल बैट लेकर पहुंचे युवक

शिकायत के अनुसार, थार से कुछ युवक नीचे उतरे और हाथों में बेसबॉल बैट लेकर वकील की कार के पास पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान किसी अन्य वाहन से पहुंचे एक व्यक्ति पर वकील को डराने के लिए पिस्टल दिखाने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद वकील दहशत में थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए शिकायत दी। दूसरी तरफ थार सवार युवकों की ओर से भी शिकायत दर्ज कराने की बात सामने आई है।

पुलिस अब दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»