इंदौर में पदस्थ पुलिसकर्मी ने महिला से किया रेप, शादी का झांसा देकर बनाया हवस का शिकार
By Ashish Meena
मई 6, 2026
Indore News : इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में जीआरपी थाने में पदस्थ एक आरक्षक के खिलाफ मंगलवार को दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र की रहने वाली पीड़िता की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। पीड़िता वर्तमान में भोपाल में रह रही है।
पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय महिला की शिकायत पर आरोपी सचिन पुत्र हरीनारायण चंद्रवंशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में इंदौर में पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान सचिन से फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और मुलाकातें होने लगीं।
पहले शादी का वादा किया बाद में मुकर गया
महिला का कहना है कि आरोपी ने शादी का वादा किया और भरोसा दिलाते हुए उसे अपने साथ रखा। 8 नवंबर 2018 को आरोपी उसे कनाड़िया स्थित अपने सरकारी क्वार्टर में ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी कई बार मुलाकातें होती रहीं, लेकिन हर बार शादी की बात टाल दी गई।
पीड़िता के अनुसार, बाद में दोनों परिवारों की सहमति भी बनी, लेकिन आरोपी ने शादी नहीं की। वर्ष 2021 में महिला की मां और 2023 में पिता के निधन के बाद आरोपी ने उससे दूरी बना ली और अंततः शादी से साफ इंकार कर दिया।
फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी
महिला को बाद में पता चला कि आरोपी किसी अन्य युवती के साथ लिव-इन में रह रहा है और फरवरी 2026 में उसने कहीं और सगाई भी कर ली। आरोप है कि 13 फरवरी को भोपाल में मुलाकात के दौरान आरोपी ने शादी से इंकार करते हुए उसके फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को जानकारी दी और भोपाल में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद मामला इंदौर के कनाड़िया थाने भेजा गया, जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
