नदी में मिली बहन की लाश, कुएं में मिला भाई का शव…लापता बच्चों की मौत से हड़कंप
By Ashish Meena
जून 2, 2026
झारखंड के हजारीबाग जिले में भाई-बहन के शव मिलने की दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. सदर विधानसभा क्षेत्र के सिंदूर पंचायत भवन के समीप हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टास्क फोर्स का गठन कर जांच तेज कर दी है.
जानकारी के अनुसार, भाई और बहन पिछले कुछ दिनों से लापता थे. परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था. रविवार को बहन का शव सिंदूर नदी से बरामद हुआ. इस घटना से परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई थी. इसके अगले दिन सोमवार को भाई का शव एक कुएं से मिलने के बाद पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया.
Also Read – भाजपा को लग सकता है तगड़ा झटका, इस नेता ने दिए नई पार्टी बनाने के संकेत!
मृतक बच्चों का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. परिवार हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव में रहकर जीवनयापन करता था. परिजन सड़क और बाजारों में खिलौने बेचकर अपना गुजारा करते हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की अपील की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई है और सभी संभावित पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है. देर शाम तक पुलिस को मामले में कोई बड़ी सफलता नहीं मिली थी.
