युवाओं के गुस्से की नई सियासत…मध्यप्रदेश में कॉकरोच जनता पार्टी की एंट्री, भोपाल में हुई पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस, एक करोड़ युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य

By Ashish Meena
मई 22, 2026

मध्यप्रदेश के भोपाल (Bhopal) में आज कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach People’s Party) द्वारा पहली पत्रकार वार्ता आयोजित कर प्रदेश की राजनीति में अपनी औपचारिक उपस्थिति दर्ज कराई गई। पत्रकार वार्ता के माध्यम से पार्टी सदस्यों ने देश के वर्तमान सिस्टम, युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों एवं आगे की रणनीति पर विस्तार से अपनी बात रखी और मीडिया के साथियों को बताया कि मप्र में जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी और जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा जिसकी नियमावली तैयार की जा रही है।

एक जन आंदोलन खड़ा करेगी कॉकरोच जनता पार्टी

कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता और प्रदेश संयोजक मयंक ने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष या राजनीतिक दल के खिलाफ लड़ाई नहीं है, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन है जिसने लाखों-करोड़ों युवाओं और छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि देश में पेपर लीक,बेरोजगारी, परीक्षा घोटाले, भ्रष्टाचार और युवाओं की अनदेखी ने नई पीढ़ी को निराश किया है, जिसके खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी एक जन आंदोलन खड़ा करेगी।

दो करोड़ लोगों तक इसकी पहुंच बन चुकी है

मयंक ने बताया कि सोशल मीडिया पर पार्टी को तेजी से समर्थन मिल रहा है और लगभग दो करोड़ लोगों तक इसकी पहुंच बन चुकी है, जिसमें सर्वाधिक लोग मध्यप्रदेश से जुड़े हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही भारत में पार्टी के सदस्यों की संख्या 25 करोड़ के पार पहुंच जाएगी।

सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ेंगे लड़ाई

पत्रकार वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी देशभर में युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर न्यायालय तक मजबूती से लड़ेगी तथा आने वाले समय में बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान और आंदोलन शुरू किए जाएंगे।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»