भाजपा को लगा तगड़ा झटका, पूर्व केंद्रीय मंत्री और चार बार के सांसद समेत 18 नेताओं ने दिया इस्तीफा

By Ashish Meena
October 9, 2025

नई दिल्ली। असम में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और चार बार के भाजपा सांसद राजेन गोहेन ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ कुल 17 अन्य सदस्यों ने भी पार्टी से अपना त्यागपत्र सौंपा। राजेन गोहेन ने यह फैसला राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया को लिखे पत्र में बताया, जिसमें उन्होंने कहा कि वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी जिम्मेदारियों से तुरंत प्रभाव से हट रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, इस्तीफा देने वाले अधिकांश सदस्य ऊपरी और मध्य असम से हैं। राजेन गोहेन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उन्होंने इस्तीफा इसलिए दिया क्योंकि पार्टी ने ‘असम के लोगों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया और स्थानीय समुदायों को धोखा दिया, जबकि बाहरी लोगों को राज्य में बसने की अनुमति दी।’

बता दें कि, राजेन गोहेन ने 1999 से 2019 तक नागांव संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और 2016 से 2019 तक रेल मंत्रालय में राज्य मंत्री भी रहे। भाजपा में रहते हुए वो पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे पेशे से चाय बागान के मालिक भी है। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रों में उनका काफी प्रभाव है। उनके जाने से भाजपा को राज्य में नुकसान हो सकता है। असम में फिलहाल मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा नीत सरकार सत्ता में काबिज है। जबकि पूर्वोत्तर राज्य असम में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। असम में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाना चाहती है।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena