मध्यप्रदेश में 700 किसानों पर केस दर्ज, इस मामले में हुई कार्रवाई

By Ashish Meena
December 4, 2025

MP News : मध्यप्रदेश के धार जिले के खलघाट में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 52 पर किए गए किसान महाआंदोलन और चक्काजाम के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। धामनोद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए भारतीय किसान मजदूर महासंघ के जिलाध्यक्षों और प्रमुख कार्यकर्ताओं सहित 17 नामजद किसानों पर गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। इस कार्रवाई में लगभग 700 अन्य अज्ञात किसानों को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने वीडियोग्राफी के आधार पर की पहचान
जानकारी के अनुसार, यह किसान महाआंदोलन 1 दिसंबर को भारतीय किसान मजदूर महासंघ के मालवा-निमाड़ प्रांत के बैनर तले आयोजित किया गया था। धार, बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिले के सैकड़ों किसान खलघाट टोल प्लाजा के पास एकत्र हुए थे। किसानों ने अपने ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों को मुख्य हाईवे राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर खड़ा कर पूरी तरह से आवागमन अवरुद्ध कर दिया।

Also Read – मध्यप्रदेश की इस मंडी में जबरदस्त हंगामा, नायब तहसीलदार ने महिला किसान को मारा थप्पड़, किसानों में भारी आक्रोश

अवरोध के लिए सड़क पर सूखे तने और अन्य वस्तुएं भी रखी गईं, जिससे लगभग 600 से 700 लोगों की भीड़ जमा हो गई और भारी जाम की स्थिति बन गई। इस अव्यवस्था के कारण आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ी और सड़क मार्ग को भी नुकसान पहुंचा। धामनोद पुलिस ने आंदोलन के दौरान की गई प्राइवेट वीडियोग्राफी और अन्य ठोस साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर 17 प्रमुख लोगों को नामजद करते हुए उन पर IPC की धारा 188 (सरकारी आदेश का उल्लंघन), 340 (अवरोध), 147 (बलवा) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 1956 की धारा 8(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

ये प्रमुख नेता हुए नामजद
जिन प्रमुख किसान नेताओं पर मामला दर्ज किया गया है उनमें राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के महामंत्री गोपाल पाटीदार, बड़वानी जिलाध्यक्ष मंदन मुवेला, खंडवा जिला अध्यक्ष त्रिलोक चंद पटेल, खरगोन अध्यक्ष किशोर पाटीदार समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं।

आगे ये भी पढ़ें : »
Ashish Meena
Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा को पत्रकारिता में 5 साल हो चुके है। इंदौर के श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय (DAVV) से आशीष मीणा ने पत्रकारिता की डिग्री हासिल की है। इंदौर के अग्निबाण जैसे कई प्रतिष्ठित अखबारों में काम करने के बाद आशीष मीणा ने यहां तक का सफर तय किया है।