तलाक का खौफनाक बदला…पत्नी, बच्चों के साथ सास-ससुर को लगाई आग

By Ashish Meena
मई 21, 2026

बिहार के पटना में बुधवार को पहले पति ने पत्नी, बच्चों के साथ-साथ सास, ससुर को आग लगा दी। पुलिस के अनुसार, महिला का पहला पति और आरोपी कन्हाई कुमार अपने साथ पेट्रोल लेकर आया था।

घर में घुसते ही उसने सभी के ऊपर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। इस हमले में पुरुषोत्तम अग्रवाल (ससुर), नीलम देवी (सास), मुन्नी देवी (पत्नी) और एक बच्चा गंभीर रूप से झुलसा है।

चारों का गंभीर हालत में NMCH में इलाज चल रहा है। हमले में आरोपी कन्हाई कुमार भी झुलसा है। पुलिस ने उसे भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मुन्नी देवी ने 15 दिन पहले कन्हाई कुमार को छोड़कर गोविंद से शादी की थी। बताया जा रहा है कि कन्हाई कुमार इसे लेकर नाराज था।

घर में घुसकर सभी को जलाया गया

पड़ोसियों ने बताया कि, सुबह करीब 10.30 बजे राजा बाबू खाटू श्याम गली में गोविंद अग्रवाल के घर से आग की लपटें उतरी दिखीं। हम लोग दौड़ते हुए वहां पहुंचे। अंदर देखा तो 4 लोग बुरी तरह से जल रहे थे।

आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया और पुलिस को भी जानकारी दी गई। पुलिस की मदद से सभी को रेस्क्यू किया गया।

संकरी गली होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

15 दिन पहले की थी शादी

मुन्नी देवी के दूसरे पति गोविंद अग्रवाल ने बताया, “कन्‍हाई (आरोपी) अपनी पत्‍नी मुन्नी को बहुत पीटता था। इसके बाद मुन्नी ने उसे तलाक दे दिया। 15 दिन बाद मुन्नी ने मेरे साथ शादी कर ली। तलाक के एवज में कन्‍हाई ने हमसे 3 लाख 47 हजार रुपए लिए।

उसके बाद से भी वह लगातार पैसे की मांग करता रहता था। उसने वारदात से पहले मुझे फोन किया। पूछा कि कहा हो। मैंने कहा- ऑफिस में हूं। मौके का फायदा उठाकर वो घर में घूसा और सभी को पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कन्‍हाई बोतलों में पेट्रोल भरकर आया था। एक बोतल पेट्रोल गली में पड़ी हुई थी।”

पुलिस बोली- हमले में आरोपी भी घायल हुआ है

पटना सिटी SDP-2 गौरव कुमार ने बताया, कन्हाई कुमार जो पटना सिटी के रहने वाले हैं, उनकी पहली पत्नी मुन्नी कुमारी है। मुन्नी कुमारी की दूसरी शादी अप्रैल महीने में गोविंद अग्रवाल के साथ हुई थी।

इसी गुस्से में कन्हाई कुमार ने बुधवार की सुबह कंगन घाट के नजदीक से ज्वलनशील पदार्थ खरीदा और लगभग 10:15 बजे के आसपास मुन्नी के ससुराल पहुंचा। कन्हाई ने गोविंद अग्रवाल के घर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़कर आग लगा दी।

इस हादसे में गोविंद कुमार की पत्नी मुन्नी देवी, उनकी मां नीलम देवी, पिता पुरुषोत्तम प्रसाद उनके दो बच्चे आज में झुलस कर घायल हो गए। कन्हाई कुमार भी इस घटना में घायल हो गए हैं। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूरे मामले की पूछताछ कर रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»