पशु बाजार में बिकने आया 31 लाख का भैंसा, रोज 5 KG दूध-घी और काजू-बादाम खाकर हुआ तगड़ा, 2 घंटे होती है मसाज

By Ashish Meena
मई 26, 2026

उत्तर प्रदेश में 28 मई को मनाई जाने वाली बकरीद को लेकर पशु बाजारों में काफी हलचल है. हापुड़ का फेमस पशु बाजार भी इन दिनों लोगों की भारी भीड़ से गुलजार है. यहां दूर-दराज जिलों से पशु व्यापारी अपने पशुओं को बेचने के लिए पहुंच रहे हैं. जबकि खरीदार भी बड़ी संख्या में बाजार का रुख कर रहे हैं. इस बाजार में बिकने आए एक तगड़े भैंसे ने लोगों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा हुआ है. इसकी खुराक और कीमत को लेकर यहां हर कोई हैरान है.

हापुड़ के पशु बाजार में चर्चित भैंसे की कीमत 31 लाख रुपए बताई जा रही है. पशु व्यापारी का दावा है कि भैंसे की 21 लाख रुपए तक की बोली लग चुकी है. हालांकि पशु व्यापारी को इसके और ज्यादा दाम मिलने की उम्मीद है. बता दें कि अपनी खास देखभाल और खान-पान की वजह से यह भैंसा पूरे बाजार में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. भैंसा दिखने में बेहद तगड़ा है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसकी देख-रेख पर बहुत पैसा खर्च किया गया है.

Bahubali buffalo

रोज 2 घंटे होती है भैंसे की मसाज

पशु व्यापारी के मुताबिक, यह भैंसा किसी वीआईपी से कम नहीं है. इसे हर रोज सुबह शाम पांच-पांच किलो दूध पिलाया जाता है और दिन में खूब सारे ड्राई फ्रूट भी खिलाए जाते हैं. इतना ही नहीं, यह भैंसा रोज करीब 2 किलोग्राम देसी घी का सेवन भी करता है. इस तरह की डाइट इसे बहुत पसंद है. इसके अलावा, इसकी फिटनेस और चमक बनाए रखने के लिए रोजाना करीब 2 घंटे तक मसाज भी की जाती है.

भैंसा देखने दूर-दूर से आ रहे लोग

हापुड़ के पशु बाजार में इस भैंसे को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है. दूर-दूर से लोग यहां पहुंच रहे हैं. हर कोई इसकी कीमत और शाही ठाठ को लेकर चर्चा करता नजर आ रहा है. बता दें कि हर साल बाजार में कई ऐसे पशु सामने आते हैं जो अपनी डाइट, कीमत और अनोखी नस्ल की वजह से काफी सुर्खियों में आ जाते हैं.

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»