इंदौर-बुधनी रेलवे प्रोजेक्ट ठप करने की चेतावनी, 17 जून को बड़ा धरना, अवैध खुदाई और कम मुआवजे पर भडक़े किसान

By Ashish Meena
जून 12, 2026

इंदौर-बुधनी रेलवे लाइन निर्माण के विरोध में प्रभावित किसानों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। आगामी 17 जून (बुधवार) को बुधनी से लेकर इंदौर तक के सैकड़ों किसान सांवेर तहसील के ग्राम कदवालीखुर्द में प्रस्तावित रेलवे स्टेशन पर इकट्ठा होंगे। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाले इस प्रदर्शन के दौरान किसान भरी दोपहरी में धरना देंगे और रेलवे के चल रहे काम को पूरी तरह ठप कराकर विरोध दर्ज कराएंगे।

इंदौर-बुधनी रेलवे लाइन संघर्ष समिति के हंसराज मंडलोई ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार तो किसानों के साथ अन्याय कर ही रही है, लेकिन उससे भी ज्यादा रेलवे का ठेकेदार अपनी तानाशाही और भ्रष्टाचार से किसानों को प्रताडि़त कर रहा है। इस आंदोलन के जरिए किसान बाजार मूल्य से चार गुना मुआवजा देने और खेतों तक सुगम आवाजाही के लिए रेलवे लाइन के दोनों तरफ डामरीकृत (पक्की) सडक़ बनाने की मांग कर रहे हैं। प्रभावित किसान जितेंद्र पटेल ने ठेकेदार की मनमानी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण एजेंसी ने तालाबों में अवैध खुदाई कर दी है, जिससे ग्रामीणों और छोटे बच्चों के डूबने का बड़ा खतरा पैदा हो गया है।

इसके अलावा, किसानों के खेतों में जबरन मिट्टी डाल दी गई है और पानी की निकासी का कोई इंतजाम नहीं किया गया है। इसके कारण आगामी बारिश के मौसम में किसानों के खेत पूरी तरह जलमग्न हो जाएंगे और वे अपने खेतों तक भी नहीं पहुंच पाएंगे। किसान संगठन ने पुरजोर मांग की है कि खेतों से तुरंत मिट्टी हटाई जाए। किसानों के परंपरागत रास्तों पर रेलवे विभाग अपने खर्च से पुलियाओं का निर्माण करे और खेतों में सिंचाई के लिए बिछी पाइपलाइनों को हटाने व दोबारा लगाने का पूरा खर्च रेलवे विभाग खुद उठाए।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»