इंदौर, देवास, सीहोर समेत 20 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

By Admin@News
जुलाई 5, 2026

मालवा जंक्शन, देवास।

जुलाई में मानसून जमकर बरस रहा है। इससे पूरा मध्य प्रदेश भींग गया है। शनिवार को 20 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई। IMD (मौसम केंद्र) ने रविवार को प्रदेश के आधे हिस्से में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में सबसे ज्यादा असर रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को रतलाम, धार, बड़वानी, शाजापुर, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

वहीं, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, सिवनी, अनूपपुर, कटनी, पन्ना, झाबुआ और आलीराजपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां अगले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है।

ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, भोपाल, सागर, नरसिंहपुर, जबलपुर, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सतना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी ऐसे जिले हैं, जहां हल्की बारिश का अलर्ट है।

शनिवार को पूरे प्रदेश में तेज बारिश का दौर बना रहा। इससे कई जिलों में हालात बिगड़ गए। नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया। कई इलाकों में घरों और खेतों में पानी भर गया, जबकि कई सड़कों और पुलों पर पानी बहने से यातायात प्रभावित हुआ।

हरदा में तेज बारिश के कारण कई गांवों का संपर्क कट गया। ग्राम मांदला के पास कालीमाचक नदी का पानी पुल से करीब तीन फीट ऊपर बहा, जिससे नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे बंद हो गया। आष्टा क्षेत्र के बापचा दोनिया गांव में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई।

घटना के बाद परिजन दोनों बच्चों को आष्टा के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते खंडवा जिले के किल्लौद ब्लॉक के ग्राम गरबड़ी स्थित नाले में बाढ़ आ गई।

उफनते नाले के कारण खिरकिया मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

आगे ये भी पढ़ें :
Admin@News

Admin@News

adminnews