MP: नशे में सरकारी स्कूल पहुंचा शिक्षक, गेट पर बेसुध मिला, हाथ में कच्ची शराब भी मिली

By Ashish Meena
जुलाई 12, 2026

मालवा जंक्शन, खरगोन।
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में एक सरकारी स्कूल शिक्षक के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। शिक्षक शनिवार को स्कूल गेट के पास दो घंटे तक बेसुध पड़े रहे। घटना का वीडियो रविवार को सामने आया।

प्राथमिक शिक्षक लालसिंह वास्कले भगवानपुरा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कदवाली के हीरापुर फलिया में पदस्थ हैं। बताया गया है कि वह शराब के नशे में संकुल मोहनपुरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे थे। संकुल पहुंचने से पहले उन्होंने कच्ची शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उन्हें लड़खड़ाते हुए देखा गया।

हाथ में कच्ची शराब मिली

वायरल वीडियो में शिक्षक के हाथ में कच्ची शराब से भरी पॉलीथिन की पोटली दिखाई दे रही है। वीडियो में वह लड़खड़ाते हुए और खुद को संभालने में असमर्थ दिख रहे हैं। वह मुश्किल से शराब की पोटली को अपनी जेब में रख पा रहे थे।

जिले के आदिवासी क्षेत्रों में कच्ची शराब 10 से 20 रुपए में आसानी से उपलब्ध हो जाती है। इसे महुआ, गुड़, बेशरम और यूरिया खाद को सड़ाकर तैयार किया जाता है। इसकी कम कीमत और आसान उपलब्धता के कारण कई लोग इसका सेवन करते हैं।

BEO ने रिपोर्ट मंगवाई

इस मामले पर भगवानपुरा विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुरलीधर महाजन ने बताया कि उन्हें शिक्षक के संबंध में सूचना मिली है। उन्होंने जन शिक्षक और विकासखंड स्त्रोत समन्वयक के माध्यम से रिपोर्ट मंगवाई है। रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित शिक्षक के खिलाफ सहायक आयुक्त कार्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»