हरदा में किसानों का बड़ा आंदोलन, 5000 किसान सड़क पर बैठे, इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे किया जाम, समर्थन मूल्य पर 100% मूंग खरीदी की मांग

By Ashish Meena
जुलाई 15, 2026

आम किसान यूनियन के बैनर तले बुधवार को ग्राम छोटी हरदा के पास किसानों ने इंदौर-नागपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। हाईवे पर ही टेंट लगाकर करीब 5 हजार किसान धरने पर बैठ गए। हालांकि सड़क पर टेंट लगाने से मना करने पर वे भड़क भी गए। एसडीएम की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

किसान मूंग की 100% खरीदी एमएसपी पर करने, खरीदी केंद्र बढ़ाने और खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि का भुगतान करने की मांग कर रहे हैं। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। करीब 500 पुलिस जवान यहां तैनात हैं।

20 हजार किसानों के जुटने का दावा

आम किसान यूनियन के नेता राम इनानिया ने दावा किया कि चक्काजाम में जिलेभर से 20 हजार से अधिक किसान शामिल होंगे। सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों से किसानों के प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने का सिलसिला जारी है।

ये हैं किसानों की प्रमुख मांगें

किसानों की मांग है कि ग्रीष्मकालीन मूंग की पूरी उपज की खरीदी MSP पर की जाए। साथ ही जिले में खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए और खरीफ-2025 की लंबित फसल बीमा राशि जल्द किसानों के खातों में जमा की जाए।

’25 फीसदी खरीदी स्वीकार नहीं’

किसानों का आरोप है कि सरकार केवल 25 फीसदी मूंग की खरीदी कर रही है, जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है। उनका कहना है कि पहले प्रति हेक्टेयर 10 से 12 क्विंटल तक खरीदी होती थी, लेकिन इस बार उत्पादन बढ़ने के बावजूद खरीद सीमा घटाकर करीब 3 क्विंटल प्रति हेक्टेयर कर दी गई है। किसानों ने इसे वादाखिलाफी बताया है।

हाईवे पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

चक्काजाम को देखते हुए प्रशासन ने 500 पुलिस जवान तैनात किए हैं। एसपी शशांक ने बताया कि नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल, इंदौर और छिंदवाड़ा से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। प्रदर्शन स्थल और नेशनल हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।

कलेक्टर और एसपी ने लिया जायजा

आंदोलन शुरू होने से पहले कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, एसपी शशांक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।

हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

दोपहिया और चारपहिया हल्के वाहन इंदौर-हरदा मार्ग पर आवागमन के लिए अबगांव कला (नहर मार्ग), भुन्नास मार्ग और अबगांव खुर्द (छीपानेर मार्ग) का उपयोग कर सकेंगे।

पुलिस ने वाहन चालकों, परिवहन व्यवसायियों और आम नागरिकों से अपील की है कि 15 जुलाई को जारी किए गए डायवर्जन रूट का ही उपयोग करें तथा पुलिस और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन ने लोगों से आंदोलन स्थल की ओर अनावश्यक यात्रा से बचने और सफर शुरू करने से पहले अपने मार्ग की जानकारी लेने की भी अपील की है। यातायात संबंधी जानकारी के लिए थाना यातायात, हरदा के दूरभाष क्रमांक 07577-222104 पर संपर्क किया जा सकता है।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट तय

इंदौर से हरदा और खंडवा जाने वाले भारी वाहन संदलपुर फाटा, दीपगांव, बोरधा, गोपालपुर, इटावा-इटारसी मार्ग, बड़ी छीपानेर और छोटी छीपानेर होते हुए हरदा पहुंचेंगे। इसके बाद वे खंडवा के लिए रवाना होंगे।
इंदौर से नर्मदापुरम और बैतूल जाने वाले भारी वाहन संदलपुर फाटा, भैरूंदा, रेहटी, सलकनपुर और बुधनी मार्ग से होते हुए नर्मदापुरम पहुंचेंगे। वहां से आगे बैतूल के लिए जाएंगे।
हरदा से इंदौर जाने वाले भारी वाहन हरदा, करताना, छोटी छीपानेर, बड़ी छीपानेर, इटारसी, गोपालपुर, संदलपुर फाटा और खातेगांव होते हुए इंदौर पहुंचेंगे।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»