देवास जिले के कन्नोद में युवक की आत्महत्या मामले में दो आरोपियों पर केस, महिला को कोर्ट ने जेल भेजा

By Ashish Meena
जुलाई 23, 2026

मालवा जंक्शन, कन्नोद।
देवास जिले के कन्नौद में करीब दो महीने पहले हुए फरहान अली आत्महत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। बुधवार को पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से महिला आरोपी शम्मा बानो को गिरफ्तार कर देवास जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी जाफर अली की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि फरहान अली पर रुपए-पैसों के लेन-देन को लेकर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। जांच के दौरान मिले कथनों और मोबाइल रिकॉर्डिंग से यह स्पष्ट हुआ।

टाकलीखेड़ा निवासी जाफर अली पर फरहान से करीब 16 हजार रुपए मांगने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साक्ष्य मिले हैं। वहीं, कन्नौद निवासी शम्मा बानो पर फरहान से उधार राशि पर ब्याज की मांग कर लगातार दबाव बनाने का आरोप है।

उपलब्ध साक्ष्यों और मोबाइल रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108(3)(5) के तहत आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का केस दर्ज किया है।

परिजन एसपी-कलेक्टर से मिले थे

इस मामले में मृतक के परिजनों ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया था। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों ने कार्रवाई न होने पर 15 दिन में आत्मदाह की चेतावनी भी दी थी।

इसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की। बुधवार को महिला आरोपी शम्मा बानो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे देवास जेल भेज दिया गया। अब पुलिस फरार आरोपी जाफर अली की तलाश कर रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»