खातेगांव के सांदीपनी विद्यालय में सेवानिवृत्त शिक्षकों, मेधावी छात्रों का सम्मान, विधायक बोले- शिक्षक ही समाज और राष्ट्र की नींव
By Ashish Meena
जुलाई 27, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग के गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के तहत सोमवार को खातेगांव के सांदीपनी विद्यालय में ‘सांदीपनी उत्सव’ मनाया गया।समारोह में मुख्य अतिथि विधायक आशीष शर्मा ने शिक्षा में योगदान देने वाले रिटायर्ड शिक्षकों, 10वीं-12वीं में 75% से अधिक अंक लाने वाले मेधावी छात्रों और खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया। विधायक का स्कूल परिसर में ढोल-नगाड़ों और फूलों से स्वागत किया गया।

रिटायर्ड शिक्षकों को शॉल और श्रीफल देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। स्वागत भाषण दिनेश भदौरिया ने दिया, जबकि मंच संचालन हेमलता यादव और नितेश अतुलकर ने किया।

विधायक बोले- शिक्षक ही समाज और राष्ट्र की नींव
अपने संबोधन में विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि शिक्षक ही समाज और राष्ट्र की वास्तविक नींव तैयार करते हैं। उन्होंने चाणक्य-चंद्रगुप्त और गुरु सांदीपनी-भगवान कृष्ण के उदाहरण देते हुए बताया कि श्रेष्ठ गुरु के मार्गदर्शन से साधारण व्यक्ति भी असाधारण उपलब्धियां हासिल कर सकता है।
स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
समारोह के अंत में प्राचार्य राजेंद्र सोनी ने सभी का आभार जताया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश रावड़िया, वीरेंद्र राजावत, पार्षद गोविंद गोरा, ललित विश्नोई, नितिन विश्नोई, विनोद कुमरे, ओमप्रकाश परमार, राजेश शर्मा, शेखर अग्रवाल, लखन टेलर, ओमप्रकाश दुबे और राजेंद्र वर्मा समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
