श्री शिवाय नमस्तुभ्यं के जयकारों से गूंजा सीहोर, श्रावण के पहले दिन कुबेरेश्वर धाम में उमड़ा जनसैलाब, सीवन नदी से जल भरकर निकले हजारों कांवड़िए

By Ashish Meena
जुलाई 30, 2026

मालवा जंक्शन, सीहोर।
पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ के शुभ अवसर पर सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। इस पावन अवसर पर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने सभी देशवासियों और शिव भक्तों को श्रावण मास की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

​​श्रावण मास के पहले ही दिन से सीहोर की सीवन नदी के तट पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। बड़ी संख्या में शिवभक्त सीवन नदी से पवित्र जल भरकर बोल बम और श्री शिवाय नमस्तुभ्यं के जयकारों के साथ पैदल कुबेरेश्वर धाम की ओर प्रस्थान कर रहे हैं, जहां वे भगवान कुबेरेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। पवित्र श्रावण मास को लेकर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि सावन मास में भगवान शिव की भक्ति का विशेष महत्व है और हर मनुष्य को किसी न किसी रूप में प्रभु की सेवा में समर्पित रहना चाहिए। ​पंडित प्रदीप मिश्रा ने बताया कि सावन का पूरा महीना शिव भक्ति और पुण्य कमाने का एक पावन अवसर होता है। यदि मनुष्य इस दौरान निष्काम भाव से भगवान शिव के शरण में जाता है, तो उसकी सभी विपत्तियां दूर होती हैं।

​कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने भगवान श्री गणेशजी महाराज के जीवन का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जिस प्रकार श्री गणेशजी ने अत्यंत पवित्र और आनंदमय भाव से अपने माता-पिता देवाधिदेव महादेव और माता पार्वती की परिक्रमा कर प्रथम पूज्य का स्थान प्राप्त किया था, ठीक उसी तरह श्रद्धालुओं को भी निष्ठापूर्वक भक्ति करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को रोजाना अपने नज़दीकी शिवालय जाना चाहिए और भगवान भोलेनाथ पर जल चढ़ाना चाहिए। यदि किसी कारणवश जल चढ़ाना संभव न हो, तो मंदिर परिसर में जाकर झाड़ू लगाएं और साफ-सफाई करें। ​पंडितजी ने जोर देकर कहा कि शिवालय में सेवा करने और स्वच्छता बनाए रखने से भी भगवान शिव अत्यंत प्रसन्न होते हैं और भक्त के जीवन के सारे कष्ट हर लेते हैं।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»