थार बनी मौत का झूला, ब्रिज की रेलिंग तोड़ 50 फीट नीचे गिरी, 4 लोग फंसे,चंद फीट दूर था रेलवे ट्रैक
By Ashish Meena
सितम्बर 12, 2026
इंदौर में रात करीब 3.30 बजे राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के प्रतीक सेतु ब्रिज पर तेज रफ्तार थार रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कार पलटने के बाद उसमें सवार लोग अंदर फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकाला गया।
हादसे में थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
थार काफी तेज रफ्तार में थी। ब्रिज पर अनियंत्रित होकर वह रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी और पलट गई। टक्कर के बाद एयरबैग खुल गए। घायलों की पहचान आरती (25), अभिजीत (20), आदित्य और लावण्या के रूप में हुई है। हादसे में थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, थार अन्नपूर्णा से बिजलपुर की तरफ जा रही थी। गनीमत ये रही कि प्रतीक सेतु ब्रिज पर हादसे के समय सड़क पर कोई वाहन नहीं था।
चालक नशे में था या नहीं, पता कर रहे
एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि हादसा देर रात राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के प्रतीक सेतु ब्रिज पर हुआ। ब्लैक कलर की थार करीब 50 फीट नीचे गिरी थी।
हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। कार चालक नशे में था या नहीं, यह भी पता लगाया जा रहा है।
