इंदौर के होटल में सोनिला शर्मा की मौत बनी पहेली, कारोबारी से रिश्तों पर पुलिस की नजर
By Ashish Meena
सितम्बर 14, 2026
मध्य प्रदेश के इंदौर में सोनिला शर्मा की मौत मिस्ट्री बन गई है. पुलिस की जांच में पता चला है कि सोनिला शर्मा का शहर के एक कारोबारी दीपक खंडेलवाल के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध थे. कुछ समय पहले इस रिश्ते की जानकारी दीपक के परिवार को हो गई थी. इसके बाद परिवार की ओर से दबाव बनाए जाने और सामाजिक प्रतिष्ठा का हवाला दिए जाने के बाद दीपक ने सोनिला से दूरी बनानी शुरू कर दी.
दीपक ने उससे मिलना-जुलना भी कम कर दिया था. दोनों के बीच बढ़ी दूरी से सोनिला परेशान थी. इसी वजह से वह इंदौर आई और दीपक से मुलाकात करने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाने लगी. शुरुआती जांच में जहर खाने की आशंका भी सामने आई थी. पोस्टमॉर्टम के बाद फंदे से मौत की बात सामने आई है.
मैसेज और कॉल रिकॉर्ड से मिली जानकारी
पुलिस को जांच के दौरान सोनिला और दीपक के बीच हुई बातचीत के कॉल रिकॉर्ड और मैसेज मिले हैं. पुलिस के मुताबिक, इन बातचीत से पता चला कि सोनिला ने दीपक को मिलने के लिए कहा था. आरोप है कि उसने दीपक से यह भी कहा था कि अगर वह उससे मिलने नहीं आया तो वह आत्महत्या कर लेगी.पुलिस के अनुसार, इसी के बाद दीपक उससे मिलने तिलक नगर स्थित एक होटल में पहुंचा. अब पुलिस उस मुलाकात के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी जानकारी जुटा रही है.
मुलाकात के दौरान बिगड़ी तबीयत
पूछताछ में दीपक ने पुलिस को बताया कि मुलाकात के दौरान अचानक सोनिला की तबीयत बिगड़ने लगी. उसके मुताबिक, सोनिला को घबराहट और बेचैनी होने लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई.
दीपक ने पुलिस को बताया कि घटना से घबराकर वह मौके से चला गया. बाद में पुलिस को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया.
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और दीपक खंडेलवाल से पूछताछ जारी है. जांच टीम मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य डिजिटल सबूतों को खंगाल रही है. इसके अलावा होटल रिकॉर्ड और घटनास्थल से जुड़े दूसरे तथ्यों की भी जांच की जा रही है.
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोनिला और दीपक के बीच आखिरी मुलाकात में क्या हुआ था और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.
