खातेगांव में बीजेपी नेता की दबंगई! फ्लेक्स का बकाया भुगतान मांगने पर दुकानदार को पीटा, भाजपा पार्षद के पति-बेटे समेत 4 पर FIR दर्ज

By Ashish Meena
सितम्बर 15, 2026

मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले के खातेगांव में भाजपा नेता की दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। वार्ड-12 से भाजपा पार्षद के पति शैलेष यादव और उनके बेटे केशव यादव पर फ्लेक्स प्रिंटिंग के बकाया 2700 रुपए मांगने पर सामूहिक रूप से मारपीट करने का आरोप लगा है।

आरोप है कि बकाया पैसे मांगने पर अजनास रोड पर स्थित नर्मदा फ्लेक्स प्रिंटिंग के नीरव व्यास के साथ पूर्व पार्षद शैलेष यादव, उनके बेटे केशव यादव, साथी कृष्णा यादव और हरिवंश यादव द्वारा मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। घटना का सीसीटीवी सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज किया।

Also Read – इंदौर में स्कूली छात्र की संदिग्ध मौत, फंदे पर लटका मिला शव, पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर की पूछताछ

क्या है पूरा विवाद?

फरियादी नीरव व्यास की अजनास रोड पर ‘नर्मदा फ्लेक्स प्रिंटिंग’ के नाम से दुकान है। पुलिस में दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, 2 सितंबर को केशव यादव ने जन्माष्टमी के फ्लेक्स-बैनर बनवाए थे, जिसके 2700 रुपए का भुगतान बाकी था। जब 12 सितंबर (शनिवार) को दोपहर करीब 2:20 बजे दुकानदार नीरव ने अपने बकाया पैसे मांगे, तो विवाद बढ़ गया। केशव यादव अपने पिता पूर्व पार्षद शैलेष यादव, साथी कृष्णा यादव और हरिवंश यादव के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से दुकान पर पहुंचे।

कार से उतरकर ऑफिस में की मारपीट

आरोप है कि चारों ने दुकान के भीतर घुसकर गाली-गलौज की और विरोध करने पर नीरव व्यास के साथ थप्पड़-मुक्कों से जमकर मारपीट की। शोरगुल सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे नीरव के भाई हिमांशु व्यास और रोहित तोमर के साथ भी अभद्रता की गई। इस हमले में नीरव की दाहिनी आंख के पास गंभीर चोट आई है। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि यदि दोबारा पैसे मांगे, तो जान से खत्म कर देंगे। इसी डर के कारण पीड़ित ने शुरुआत में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी और दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया था।

Also Read – खेत में नाबालिग युवती और युवक के कंकाल मिले, आत्महत्या या हत्या? जांच में जुटी पुलिस

घटना के दो दिन बाद जब मारपीट का सीसीटीवी सामने आया तब पुलिस ने मामला दर्ज किया। सीसीटीवी में 6 से ज्यादा लोग मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जबकि एफआईआर में चार लोग नामजद हैं। सोमवार को पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए पीड़ित को थाने बुलाया और मामला दर्ज करवाया।

खातेगांव पुलिस ने फरियादी नीरव व्यास की शिकायत पर शैलेष यादव, केशव यादव, कृष्णा यादव और हरिवंश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296(b), 3(5) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»