ब्रेकिंग: राहुल गांधी का 13 दिन में दूसरा MP दौरा, 1 अक्टूबर को आएंगे बालाघाट, मृत बच्चों के परिवारों से मिलेंगे, 30 से ज्यादा मासूम बच्चे तोड़ चुके है दम
By Ashish Meena
सितम्बर 29, 2026
मध्यप्रदेश के बालाघाट में बैगा आदिवासी बच्चों की मौतों के बीच राहुल गांधी 1 अक्टूबर को बालाघाट आएंगे। वे बैहर और बिरसा के प्रभावित आदिवासी इलाकों में जाकर मृत बच्चों के परिवारों से मुलाकात करेंगे।
राहुल गांधी का 13 दिन में मध्यप्रदेश में यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वे 19 सितंबर को इंदौर आए थे। यहां उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
बैहर से कांग्रेस विधायक संजय उइके ने करीब पांच महीने में 43 बच्चों की मौत का दावा किया है। सरकार और प्रशासन पर आंकड़े छिपाने के भी आरोप लगाए हैं। हालांकि, सरकारी आंकड़ों में 32 मौतें दर्ज हैं।
जांच में एक बीमारी नहीं, कई वजहें सामने आईं
केंद्र की राष्ट्रीय संयुक्त आउटब्रेक रिस्पॉन्स टीम (NJORT) ने 196 मामलों की जांच की। इनमें 156 बच्चे 10 साल से कम उम्र के थे। 64 सैंपल में 25 खसरा पॉजिटिव मिले, जबकि 32 मरीजों की मलेरिया जांच में 27 पॉजिटिव रहे।
12 मरीजों में खसरा और मलेरिया दोनों संक्रमण मिले। डेंगू, चिकनगुनिया और एंटरोवायरस के मामले भी सामने आए। तीन बच्चों की मौत की विस्तृत समीक्षा में गंभीर कुपोषण भी सामने आया।
प्रभावित इलाकों में करीब 20 से 25% देखे गए घरों में बच्चों में अत्यधिक दुबलापन या गंभीर कुपोषण पाया गया। रिपोर्ट में एनीमिया, डिहाइड्रेशन और श्वसन संबंधी समस्याओं को भी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कारक माना गया है।
टीकाकरण और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल
NJORT की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच बैहर में MR-1 टीकाकरण कवरेज 51% और MR-2 सिर्फ 49% था। बिरसा में यह क्रमश: 64.8% और 65% रहा।
रिपोर्ट में जिला पब्लिक हेल्थ लैब और माइक्रोबायोलॉजिस्ट की कमी, साझा स्वास्थ्य डेटा का अभाव और एक प्रभावित गांव में एक साल से ज्यादा समय से ASHA कार्यकर्ता का पद खाली होने जैसी कमियां भी सामने आईं।
सरकार की स्क्रीनिंग में भी कुपोषण की तस्वीर सामने आई है। अगस्त 2026 तक 1,21,892 बच्चों की जांच में 27,839 कुपोषित और 3,741 बच्चे अति कुपोषित मिले।
वहीं ‘दस्तक 2026’ के तहत करीब 1.58 लाख बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। 7,711 बच्चे गंभीर कुपोषण से ग्रस्त पाए गए और 518 को पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराया गया।
