इंदौर से देवास आ रहे SBI बैंक के कर्मचारी को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत, 2 साल पहले हुई थी शादी
By Ashish Meena
नवम्बर 4, 2026
मालवा जंक्शन, देवास।
इंदौर से देवास आ रहे 28 वर्षीय SBI बैंक के क्लर्क मयंक जैन की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। रसलपुर बायपास के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी। मयंक सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन ने उन्हें कुचल दिया। मयंक की मौके पर ही मौत हो गई। वे मूल रूप से खान बड़ोदिया के रहने वाले थे। पिछले दो साल से इंदौर की सिंगापुर टाउनशिप में पत्नी के साथ रह रहे थे। वह रोज इंदौर से देवास आते-जाते थे।
दो साल पहले हुई थी शादी
रिश्तेदार मुकेश जैन ने बताया कि मयंक बाइक से देवास के रीजनल ऑफिस जा रहे थे। रास्ते में एक वाहन की टक्कर से उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ा और वे सड़क पर गिर गए। इसके बाद पीछे से आए वाहन ने उन्हें कुचल दिया। मयंक के पिता का नाम नारायण जैन है। उनकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी। उनकी पत्नी मूल रूप से बड़वानी की रहने वाली हैं। औद्योगिक थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
