देवास जिले में कलेक्टर का बड़ा एक्शन, तीन पटवारियों की सेवाएं समाप्त, लापरवाही पर हुई कार्रवाई

By Ashish Meena
अक्टूबर 6, 2026

देवास। शासकीय कार्यों में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी को लेकर कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने तीन परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं। कार्रवाई की जद में नितिन विश्वकर्मा, अजय नागर और विशाल टईया आए हैं। तीनों को एक माह का अग्रिम वेतन देकर सेवा से अलग किया गया है।

जानकारी के अनुसार नितिन विश्वकर्मा सोनकच्छ तहसील के घिचलाय हल्के, अजय नागर देवास ग्रामीण तहसील के हल्का क्रमांक 103 और विशाल टईया टोंकखुर्द तहसील में पदस्थ थे। तीनों की नियुक्ति फरवरी 2024 में तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर हुई थी।

प्रशासन के अनुसार, स्वामित्व योजना के तहत तैयार अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन के कार्य में तीनों की प्रगति संतोषजनक नहीं थी। इसके अलावा शासकीय कार्यों में असहयोग, विरोध का रवैया और पिछले छह माह में राजस्व वसूली में भी अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई।

एसडीएम की रिपोर्ट के मुताबिक संबंधित पटवारियों द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी की गई। साथ ही अपने हल्के में निवास नहीं करने और समय पर शासकीय उपस्थिति दर्ज नहीं कराने की बात भी सामने आई।

मामले में संबंधित एसडीएम द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस के जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के बाद सेवाएं समाप्त करने की अनुशंसा कलेक्टर को भेजी गई। अभिलेखों और जवाबों की जांच के बाद कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों एवं परिवीक्षा संबंधी शर्तों के तहत तीनों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।