नेमावर से खातेगांव तक 16 अगस्त को निकलेगी विशाल तिरंगा यात्रा, विधायक आशीष शर्मा के नेतृत्व में बैठकों का दौर जारी
By Ashish Meena
अगस्त 7, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
कन्नौद-खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में हर वर्ष की भांति इस साल भी आगामी 16 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। स्थानीय विधायक आशीष शर्मा के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस यात्रा को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यात्रा को ऐतिहासिक और व्यवस्थित रूप देने के लिए विधानसभा के विभिन्न मंडलों में बैठकों का सिलसिला तेजी से चल रहा है। 16 अगस्त को सुबह 9 बजे से निकलने वाली यह तिरंगा यात्रा नेमावर से खातेगांव तक निकलेगी।
खातेगांव में हुई महत्वपूर्ण बैठक, अनुशासन पर जोर
हाल ही में खातेगांव में तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में विधायक आशीष शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने आगामी यात्रा की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक शर्मा ने अनुशासन और सुगमता पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान जगह-जगह स्वागत मंच नहीं बनाए जाएंगे, बल्कि चलती हुई रैली पर फूल बरसाकर ही स्वागत किया जाएगा।
इसके साथ ही, उन्होंने डीजे के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी रैली में सीमित और कम से कम डीजे का ही उपयोग किया जाए। गौरतलब है कि पिछले वर्षों में कई कार्यकर्ता अलग-अलग डीजे लेकर आ जाते थे, जिससे रैली में डीजे की संख्या बढ़ जाती थी और आवागमन प्रभावित होता था। इस बार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इस बैठक में सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
हरणगांव मंडल ने भी कसी कमर
खातेगांव के अलावा भारतीय जनता पार्टी के हरणगांव मंडल में भी मासिक बैठक के दौरान तिरंगा यात्रा की रणनीति तैयार की गई। हरणगांव में आयोजित इस बैठक में मंडल प्रभारी जय प्रकाश शर्मा, विधानसभा प्रभारी विजेंद्र राजावत, तिरंगा यात्रा के प्रभारी उमेश गुर्जर, मंडल अध्यक्ष ईश्वर सिंह सैनी सहित तमाम वरिष्ठ कार्यकर्ता और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
नेमावर मंडल में भी बैठक
नेमावर मंडल में आज यानी शुक्रवार दोपहर 2 बजे बैठक आयोजित होने वाली है। तिरंगा यात्रा और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर यह बैठक आयोजित की जा रही है। नेमावर की बैठक में भी विधायक आशीष शर्मा विशेष रूप से शिरकत कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
भव्य होगी इस साल की यात्रा
विधायक आशीष शर्मा हर साल पवित्र नगरी नेमावर से खातेगांव तक इस भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन करते हैं, जिसमें क्षेत्रभर से सैकड़ों की संख्या में आम नागरिक और कार्यकर्ता शामिल होते हैं। इस बार भी यात्रा को लेकर प्रशासनिक और संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं, जिससे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।
