जंगल में चल रहा था लाखों का जुआ, पुलिस ने घेराबंदी कर 12 जुआरियों को दबोचा, .55 लाख नकद, 15 मोबाइल, कार और 5 बाइक समेत ₹12.86 लाख का सामान जब्त
By Ashish Meena
सितम्बर 19, 2026
कांटाफोड़ के बैरागढ़ फॉरेस्ट चौकी के पास जंगल में जुआ खेल रहे 12 जुआरियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा है। बागली एसडीओपी संजय सिंह बैस के नेतृत्व में चार थानों की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
मौके से 5 लाख 55 हजार 100 रुपए नकद, 15 मोबाइल फोन, एक कार और पांच मोटरसाइकिल जब्त की गईं। जब्त सामान की कुल कीमत 12 लाख 86 हजार 200 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि 18 सितंबर की रात करीब 7.30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि बैरागढ़ फॉरेस्ट चौकी के पास जंगल में 25 से 30 लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने पर एसपी पुनीत गेहलोद और एएसपी सौम्या जैन को जानकारी दी गई। उनके मार्गदर्शन में तीन पुलिस टीमें बनाई गईं। इसके बाद टीमों ने जंगल को चारों तरफ से घेर लिया।
पुलिस की घेराबंदी होते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ लोग अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भाग गए। हालांकि, पुलिस टीम ने पीछा कर 12 लोगों को पकड़ लिया। मौके से ताश की गड्डियां, नकद रुपए, मोबाइल और वाहन जब्त किए गए।
इस कार्रवाई में बागली, उदयनगर, कांटाफोड़ थाने और चापड़ा चौकी की पुलिस टीम शामिल थी। एसडीओपी संजय सिंह बैस के नेतृत्व में थाना प्रभारी बागली जीवन भिंडोरिया, थाना प्रभारी उदयनगर विजेंद्र सिंह सोलंकी, चौकी प्रभारी चापड़ा राकेश सिंह चौहान और थाना प्रभारी कांटाफोड़ कैलाश चंद्र चौहान की टीम ने यह कार्रवाई की।
इस मामले में कांटाफोड़ थाने में सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 13 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार हुए लोगों की तलाश कर रही है। साथ ही, पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर जुए से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
