ब्रेकिंग: युद्ध का असर…तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आज इतने रुपए हुआ महंगा
By Ashish Meena
मई 23, 2026
मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत में आम जनता की जेब पर महंगाई का बोझ बढ़ता ही जा रहा है. शनिवार को एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया है.
पिछले 10 दिनों में ये तीसरी बार है जब पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं. इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमत 3-3 रुपए बढ़ाई गई थी. फिर 19 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ था. इस तरह पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल लगभग 5 रुपए महंगा हो गया है.
Also Read – भारतीय रुपये में ऐतिहासिक गिरावट: संकट से निपटने के लिए RBI तैयार, 2013 की रणनीति को फिर लागू करने की तैयारी
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर से 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं, डीजल की कीमत 91 पैसे बढ़कर 91.58 रुपये से 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने दिया था आश्वासन
हैरत की बात ये है कि हाल ही में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आम जनता को भरोसा दिलाया था कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है. मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कहा, ‘पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और सप्लाई पूरी तरह से स्थिर बनी हुई है. हम सभी नागरिकों को सलाह देते हैं कि वो किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बाइंग से बचें. नागरिक सिर्फ अपनी जरूरत के मुताबिक ही ईंधन खरीदें.’
मंत्रालय ने आगे कहा, ‘कुछ चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर जो अस्थायी दबाव या भीड़ देखी जा रही है, उसे दूर किया जा रहा है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियां लगातार सप्लाई की निगरानी कर रही हैं और आपसी तालमेल के साथ तेल का वितरण सुनिश्चित कर रही हैं.’
