देवास ब्रेकिंग: इकलेरा में नग्न अवस्था में मिला बस ड्राइवर का शव, कुछ ही दूरी पर पड़े मिले कपड़े, हत्या की आशंका से फैली सनसनी
By Ashish Meena
अगस्त 27, 2026
मालवा जंक्शन, कांटाफोड़।
देवास जिले की बागली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम इकलेरा में देर रात एक व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रथमदृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की शिनाख्त कमल (पिता गबूलाल ठाकुर) के रूप में हुई है, जो इकलेरा का ही रहने वाला था और इंदौर लाइन पर चलने वाली बालाजी बस का ड्राइवर था। मृतक कमल का शव पूरी तरह नग्न अवस्था में बरामद हुआ है। हैरानी की बात यह है कि उसके कपड़े शव से महज कुछ ही दूरी पर पड़े हुए मिले हैं।
Also Read – देवास जिले में नदी में तैरता हुआ मिला 21 वर्षीय युवक का शव, बकरी चराने वाले ने देखा
सुरमन्या बस छोड़ने गया था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक कमल अपनी बस को सुरमन्या छोड़ने गया था, जिसके बाद से ही वह लापता था और उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। काफी तलाश के बाद उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही कांटाफोड़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Also Read – खातेगांव तहसील के सन्नौद में तालाब में तैरता मिला महिला का शव, दो दिन से थी लापता, आत्महत्या की आशंका
शरीर की स्थिति और घटनास्थल के हालात देखकर यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि शातिर बदमाशों ने उसकी बेरहमी से हत्या की है। हालांकि, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, कांटाफोड़ थाना पुलिस इस सनसनीखेज मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और हर पहलू को खंगाल रही है।
