MP News : मध्य प्रदेश में गीता जयंती पर एक विशेष आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गीता के संदेश को दुनिया भर में फैलाना है। इस आयोजन में एक अनूठा विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।
11 दिसंबर यानी आज भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 5000 से अधिक आचार्य एक साथ मिलकर गीता के तीसरे अध्याय ‘कर्म योग’ का सस्वर पाठ करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराना है।
इस आयोजन के दौरान श्रीमद्भगवद् पुराण और गौ-गोपाल चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। साथ ही, साधु बैंड भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। होटलों में गीता, रामायण और रामचरितमानस रखी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त किया है और कहा है कि यह आयोजन भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, ‘भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म से लेकर मृत्यु तक अपनी लीलाओं और आदर्शों के माध्यम से समूचे समाज को प्रेरणा दी है।’ भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की पवित्र भूमि मध्यप्रदेश में गीता जयंती पर एक अनोखा प्रयास किया जा रहा है। यह प्रयास है गीता पाठ का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना।