मध्यप्रदेश में कांग्रेस को तगड़ा झटका, राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन हुआ खारिज

By Ashish Meena
जून 9, 2026

मध्य प्रदेश कोटे की तीसरी राज्यसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है। बीजेपी की आपत्ति पर रिटर्निंग ऑफिसर ने ये फैसला लिया है। दरअसल, भाजपा का आरोप है कि मीनाक्षी ने तेलंगाना की हैदराबाद कोर्ट में लंबित एक मामले की जानकारी नामांकन पत्र में छिपाई है। पर्यवेक्षक ने कारण बताओ नोटिस जारी कर आज शाम तक जवाब मांगा था।

इधर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मीनाक्षी के खिलाफ कोई आपराधिक प्रकरण नहीं है। उन्हें कोर्ट से केवल एक नोटिस मिला था।

नामांकन की जांच के दौरान विधानसभा परिसर में दोनों दलों के नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति भी बनी। नारेबाजी और शोर-शराबे के बीच कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे और विक्रांत भूरिया ने रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में घुसने की कोशिश की, जिसे पुलिस और विधानसभा के सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया।

वहीं, कांग्रेस अपने विधायकों को बेंगलुरु शिफ्ट कर रही है। करीब दो घंटे की जद्दोजहद के बाद कांग्रेस की चार्टर्ड फ्लाइट को उड़ान के लिए परमिशन मिली। शाम करीब साढ़े 6 बजे विमान ने बेंगलुरू के लिए उड़ान भरी। इसमें 38 विधायकों के साथ 75 लोग हैं। बाकी 22 विधायक रात साढ़े 8 बजे की फ्लाइट से निकलेंगे।

कांग्रेस विधायकों के विमान को उड़ने की परमिशन नहीं मिली थी

इससे पहले भोपाल एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कांग्रेस विधायकों के विमान को उड़ने की परमिशन देने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि फ्लाइट को देश में उड़ने की अनुमति नहीं है। इस पर पार्टी के सीनियर लीडर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा था- सरकार के इशारे पर हमारे विमान को बेवजह रोका जा रहा है। भोपाल एयरपोर्ट के इंचार्ज अवस्थी फ्लाइट को बिना वजह डिटेन कर रहे हैं लेकिन हम जाएंगे।

उन्होंने कहा था- एयरपोर्ट अथॉरिटी पर मोहन सरकार का दबाव है। उनका कहना है कि आपकी ये फ्लाइट विदेश जा सकती है लेकिन देश के अंदर उड़ान नहीं भर सकती। कितनी मूर्खतापूर्ण बात है कि जो फ्लाइट दिल्ली से भोपाल आ सकती है, वो बेंगलुरू नहीं जा सकती।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।