MP: मां ने तीन बेटियों को पिलाया जहर, फिर खुद भी खाया, अस्पताल पहुंचने से पहले ही बुझ गई चार जिंदगियां

By Ashish Meena
मई 31, 2026

मध्यप्रदेश के शहडोल के अंतिम छोर पर स्थित पपौंध थाना क्षेत्र में हुई घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की कीटनाशक सेवन से मौत हो गई।

मां ने तीन बेटियों को कीटनाशक पिलाया, फिर खुद भी खाया

पुलिस के अनुसार, हिरवार गांव निवासी अनिता सिंह (32) अपनी तीन बेटियों रितिका सिंह (7), कृष्णकुमारी सिंह (4) और अर्पिता सिंह (2) के साथ घर में रहती थी। उसका पति वाहन चालक है और रोजगार के सिलसिले में दूसरे जिले में गया हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम अनिता ने पहले अपनी तीनों बेटियों को कृषि कार्य में उपयोग होने वाली कीटनाशक दवा पिलाई और बाद में स्वयं भी उसका सेवन कर लिया।

घटना के कुछ देर बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। इसी दौरान एक बच्ची घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों तक पहुंची और बताया कि उसकी मां ने उसे और उसकी बहनों को कीटनाशक पिलाया है तथा स्वयं भी खा लिया है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बुझ गई चार जिंदगियां

पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजन और ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

कारण अब भी रहस्य, पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला के मायके पक्ष और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। प्रारंभिक जांच में आत्मघाती कदम के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।