खातेगांव के शासकीय अस्पताल से ऑक्सीजन पाइपलाइन चोरी, तीन कमरों से पूरी तरह गायब, आपात स्थिति में मरीजों की जान पर बन सकती है आफत, BMO ने दर्ज कराई रिपोर्ट
By Ashish Meena
जुलाई 13, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
देवास जिले के खातेगांव शासकीय अस्पताल के पुराने भवन से मरीजों की जान बचाने वाली ऑक्सीजन पाइपलाइन ही गायब हो गई है। इस बड़ी लापरवाही और चोरी को लेकर BMO डॉ. तुषार गुप्ता ने सोमवार को खातेगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोरोना काल में विधायक के प्रयासों से लगी थी पाइपलाइन
बीएमओ डॉ. तुषार गुप्ता ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान मरीजों को तत्काल ऑक्सीजन देने के लिए स्थानीय विधायक के विशेष प्रयासों से अस्पताल के पुराने भवन के कमरों में ऑक्सीजन प्लांट से जुड़ी यह कीमती पाइपलाइन बिछाई गई थी। हाल ही में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन में शिफ्ट होने के बाद, पुराने भवन के कमरों की मरम्मत और रेनोवेशन का काम ‘श्रीजी कंस्ट्रक्शन’ कंपनी को सौंपा गया था।

तीन कमरों से पूरी तरह गायब मिली लाइन
अस्पताल प्रबंधन ने जब मरम्मत कार्य का औचक निरीक्षण किया, तो पाया कि तीन कमरों से पूरी ऑक्सीजन पाइपलाइन गायब थी। बीएमओ ने अपनी शिकायत में आशंका जताई है कि यह पाइपलाइन रेनोवेशन के काम के दौरान ही हटाई या चोरी की गई है। संदेह इसलिए भी गहरा है क्योंकि निर्माण कार्य चलने के दौरान उन कमरों में अस्पताल के दूसरे कर्मचारियों या बाहरी लोगों के जाने पर पूरी तरह रोक थी।
आपात स्थिति में मरीजों की जान पर बन सकती है आफत
डॉ. गुप्ता ने इस मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि ऑक्सीजन लाइन केवल एक संपत्ति नहीं, बल्कि मरीजों की जीवनदायिनी है। अगर भविष्य में कोरोना जैसी कोई अन्य आपातकालीन स्थिति बनती है, तो ऑक्सीजन लाइन न होने से मरीजों के इलाज में गंभीर रुकावट आ सकती है और उनकी जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने पुलिस से इस लापरवाही के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
कंस्ट्रक्शन कंपनी ने साधी चुप्पी
इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखने के लिए जब श्रीजी कंस्ट्रक्शन के मुकेश गुप्ता से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। फिलहाल, खातेगांव पुलिस बीएमओ के आवेदन पर कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
