बेंगलुरु में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की विक्ट्री परेड में भगदड़ मच गई। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि भगदड़ के दौरान 11 लोग मारे गए हैं। 33 लोग घायल हुए हैं, जो खतरे से बाहर हैं।
सिद्धारमैया ने कहा, “विधानसभा में जब RCB टीम पहुंची तो विधानसभा के बाहर एक लाख लोग जमा थे। जश्न विधानसभा में हो रहा था, लेकिन भगदड़ चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई। स्टेडियम के बाहर 3 लाख लोग जमा थे। हमें इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। किसी ने इसकी उम्मीद नहीं की थी। हम इसके लिए तैयार नहीं थे। हादसे ने जीत की खुशी को मिटा दिया।”
CM बोले- भीड़ ने स्टेडियम का गेट तोड़ा
सिद्धारमैया ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी सुरक्षा मुहैया कराना थी। इसके बाद क्रिकेट एसोसिशन को संभालना चाहिए था। स्टेडियम में एक छोटा गेट था। वहां बहुत सारे लोग जमा थे। उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया, जिसकी वजह से भगदड़ मची।
प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर दुख जताया
प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु भगदड़ पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों की बेहतरी के लिए प्रार्थना करता हूं।
विधानसभा में सम्मान, स्टेडियम के बाहर भगदड़
RCB की टीम जब एयरपोर्ट पहुंची तब वहां हजारों RCB फैंस मौजूद थे। RCB की टीम का विधानसभा में कर्नाटक सरकार ने सम्मान किया। एक प्रोग्राम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी था। स्टेडियम के बाहर लाखों की भीड़ जमा हो गई थी। भीड़ को संभालने के लिए पुलिस हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। भीड़ के चलते एक बच्चा बेहोश भी हो गया था।
RCB के आईपीएल चैंपियन बनने पर बेंगलुरु में जश्न मनाया जा रहा था। RCB ने एक दिन पहले मंगलवार को IPL में अपना पहला टाइटल जीता था। टीम ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 रन से हराया। इसी के साथ 18वें सीजन में IPL को 8वां चैंपियन मिला।
बेंगलुरु भगदड़ पर रिएक्शन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, कर्नाटक सरकार को तुरंत जरूरी कदम उठाने चाहिए ताकि आगे ऐसी इवेंट के दौरान हादसे न हों। जीत का जश्न कभी लोगों की जिंदगी की कीमत पर नहीं होना चाहिए।”
पूर्व क्रिकेटर मदन लाल बोले- लोग भगदड़ की इस घटना और विराट कोहली को कभी नहीं भूलेंगे। जब लोग बाहर मर रहे थे, तब अंदर जश्न मनाया जा रहा था। यह वास्तव में चौंकाने वाला और निराशाजनक है।
BCCI के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने कहा- मृतकों और घायलों के परिवार की जितनी मदद हो सकती है, हम करेंगे। कर्नाटक सरकार और IPL फ्रेंचाइजी से भी बात हो रही है। ये कोई पॉलिटिक्स की बात नहीं है।
कर्नाटक विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा MLC चालावाड़ी नारायणस्वामी ने कहा- घटना सरकार की वजह से हुई। उन्हें कोई अंदाजा नहीं था कि कितने लोग आएंगे, क्या सावधानियां बरतनी होंगी। यह सुरक्षा में चूक है।
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा- जब पूरा देश और कर्नाटक RCB की जीत का जश्न मना रहा था, तब राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली निकालने की जल्दबाजी की, जिससे यह त्रासदी हुई। उन्हें प्रचार में अधिक रुचि थी।
चश्मदीद बोला- मेरी आंखों के सामने लड़कियां गिर गईं
RCB की विक्ट्री परेड में मौजूद महेश ने कहा कि लोग विराट कोहली और टीम को देखने आए थे। कई लड़कियां चिन्नास्वामी स्टेडियम में घुसने की कोशिश कर रही थीं। मैंने देखा कि एक लड़की गिर पड़ी, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए नहीं पहुंचा। पुलिस भी कुछ नहीं कर पा रही थी, क्योंकि वहां बहुत भीड़ मौजूद थे।