भोपाल में रिटायर्ड IAS अफसर की गला रेतकर हत्या: 2 दिन पहले रखा केयरटेकर लापता, घर में आग लगाने की भी कोशिश
By Ashish Meena
सितम्बर 30, 2026
भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या कर दी गई है। शव सूरजनगर स्थित घर में मिला। गले पर धारदार हथियार के निशान हैं।
रातीबड़ पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में शक अग्रवाल के केयरटेकर वरुण कुमार पर है। वह वारदात के बाद से ही लापता है। उसका सामान भी अग्रवाल के घर में नहीं मिला है। उसे 28 सितंबर को ही पंजाब की एक एजेंसी के जरिए नौकरी पर रखा गया था।
पुलिस को घर में आग लगाने की कोशिश के संकेत भी मिले हैं। किचन में एलपीजी सिलेंडर का पाइप निकला हुआ था। पूरे घर में गैस भर गई थी।
बाहर से बंद था घर का दरवाजा
राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ इसी मकान में रहते थे। सुबह करीब 5:30 बजे पत्नी की नींद खुली। वे मॉर्निंग वॉक के लिए जाने लगीं तो मेन डोर बाहर से बंद था।
उन्होंने दूसरे नौकर राजन थापा को फोन लगाया। इसके बाद राकेश अग्रवाल के कमरे की तरफ गईं। दरवाजा खोलने पर राकेश का शव जमीन पर पड़ा दिखा।
अलमारी के ताले भी तोड़े
शुरुआती जांच में लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। आरोपी ने अलमारी के लॉक तोड़े हैं। राकेश अग्रवाल की पत्नी ने पुलिस को बताया कि घर में कोई भी कीमती ज्वेलरी नहीं रखी थी।
अग्रवाल दंपती का एक ही बेटा है, जो फिलहाल अमेरिका में रह रहा है।
