MP के इस कॉलेज में मची सनसनी, परीक्षा देकर बाहर निकली छात्रा पर युवक ने किया हमला, पहले गोली चलाने की कोशिश की, फिर पीठ पर घोंपा चाकू
By Ashish Meena
सितम्बर 15, 2026
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा शहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परीक्षा देकर बाहर निकल रही बीए प्रथम वर्ष की छात्रा पर एक युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर ने पहले छात्रा पर गोली चलाने की कोशिश की और असफल होने पर उसकी पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
परीक्षा हॉल से निकलते ही किया हमला
पीड़ित युवती के भाई के अनुसार, छात्रा महाविद्यालय में अपनी परीक्षा देने आई थी। जैसे ही वह परीक्षा समाप्त कर हॉल से बाहर निकली, घात लगाए बैठे युवक ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस खूनी हमले से कॉलेज परिसर में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई।
Also Read – खातेगांव पुलिस ने गोदाम पर दबिश देकर 4 आरोपियों को पकड़ा, 2 लाख से ज्यादा की ब्राउन शुगर जब्त
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, आरोपी पुलिस हिरासत में
घटना के तुरंत बाद लूलुहान और गंभीर रूप से घायल छात्रा को आनन-फानन में सेंधवा के सिविल अस्पताल लाया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है। वारदात की सूचना मिलते ही सेंधवा शहर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले के पीछे के कारणों की जाँच में जुट गई है।
