गणपति के स्वागत से पहले मातम में डूबा गांव, कुएं में डूबे एक ही परिवार के 4 मासूम, एक साथ उठीं अर्थियां

By Ashish Meena
सितम्बर 15, 2026

मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी क्षेत्र से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। विक्रमपुर गांव के चींटिया मोहल्ले में बलवीर कुशवाहा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जहां नन्हें हाथों को गणेश उत्सव पर बप्पा का दरबार सजाना था, वहां एक साथ 4 सगे मासूम भाइयों की लाशें मिलने से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

खेत घूमने निकले थे चारों भाई

जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के कारण चारों मासूम भाई—9 साल का देव, 7 साल का त्रिवेद, 6 साल का महादेव और 4 साल का प्रियांश—सुबह घर से हंसते-खेलते खेत की ओर घूमने निकले थे।

एक-दूसरे को बचाने में चली गई जान

आशंका जताई जा रही है कि खेत में बने कुएं में झांकते समय किसी एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया। उसे डूबता देख बाकी भाइयों ने एक-एक कर बचाने की कोशिश की और इसी प्रयास में चारों मासूम गहरे पानी में समा गए।

मां मायके में, पिता गए थे मजदूरी पर

घटना के वक्त मासूमों के पिता बलवीर मजदूरी करने गए थे, जबकि मां मायके गई हुई थी। घर पर बच्चों की गैरमौजूदगी और दोपहर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब परिजन खेत की ओर पहुँचे, तो कुएं में चारों बच्चों के शव तैरते हुए मिले।

गांव में छाया सन्नाटा

एक ही घर के चार-चार मासूम चिरागों के एक साथ बुझ जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची और शवों को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दर्दनाक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।