खातेगांव में कार धोते समय वाशिंग सेंटर संचालक को लगा करंट, मौत
By Ashish Meena
जुलाई 23, 2026
मालवा जंक्शन, खातेगांव।
खातेगांव के नेमावर रोड स्थित एक वाशिंग सेंटर पर बुधवार को कार धोते समय करंट लगने से संचालक की मौत हो गई। यह हादसा वाशिंग सेंटर पर पानी की मोटर बंद करते समय हुआ। मृतक की पहचान अर्जुन पिता गोकुल साहू के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह अपने सेंटर पर काम कर रहे थे।
स्टार्टर बंद करते समय लगा तेज झटका
जानकारी के अनुसार, अर्जुन जब कार की धुलाई करने के बाद पानी की मोटर का स्टार्टर बंद करने पहुंचे, तभी स्टार्टर में विद्युत प्रवाह (करंट रिटर्न) आ गया। करंट की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही अचेत हो गए।
आसपास के लोगों ने किया अलग, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के वक्त मौजूद लोगों ने तुरंत लकड़ी की मदद से बिजली का संपर्क काटकर अर्जुन को अलग किया। उन्हें तत्काल निजी वाहन से शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक करंट हाथ के जरिए पूरे शरीर में फैल गया था, जिससे तत्काल उनकी मृत्यु हो गई।
नर्मदा तट पर हुआ अंतिम संस्कार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। देर शाम नेमावर में मां नर्मदा के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और परिजन शामिल हुए।
