ताजा सर्वे ने योगी सरकार की नींद उड़ाई, 40 में से 33 मंत्रियों से जनता नाराज
By Ashish Meena
अप्रैल 27, 2026
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में किए गए एक ताज़ा सर्वे के नतीजों ने योगी सरकार की नींद उड़ा दी है। सर्वे के मुताबिक, योगी सरकार के 40 में से 33 मंत्रियों को जनता दोबारा विधायक के रूप में नहीं देखना चाहती। चौंकाने वाली बात यह है कि केवल नितिन अग्रवाल, राकेश निषाद और सतीश चंद्र शर्मा ही अपनी लोकप्रियता बचाने में सफल रहे हैं। मंत्रियों के प्रति गुस्से के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता अटूट है। गोरखपुर शहर की 89 फीसदी जनता उन्हें दोबारा विधायक देखना चाहती है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत 9 मंत्रियों की सीटों पर जनता की पहली पसंद अब भाजपा नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी बन गई है। इनमें ओम प्रकाश राजभर और अनिल राजभर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। कैबिनेट की सभी 5 महिला मंत्रियों के काम से जनता नाखुश है और उन्हें दोबारा टिकट देने के पक्ष में नहीं है।
सर्वे का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि 29 सीटों पर जनता मंत्रियों से तो नाराज है, लेकिन पार्टी के तौर पर भाजपा को ही वोट देना चाहती है। जनता का संदेश साफ है- विकास न करने वाले चेहरे बदलें, कमल का साथ बना रहेगा। खराब व्यवहार के चलते सूर्य प्रताप शाही और सोमेंद्र तोमर जैसे दिग्गजों को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। अब गेंद भाजपा हाईकमान के पाले में है कि वह इन चेहरों को बदलती है या जोखिम उठाती है।
