कल देशभर में होगा प्रदर्शन, कॉकरोच जनता पार्टी ने किया ऐलान, बड़ी संख्या में छात्रों से शामिल होने की अपील
By Ashish Meena
जुलाई 23, 2026
जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के धरना-प्रदर्शन के बीच CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) ने गुरुवार को बड़ा ऐलान किया है.CJP ने कल 24 जुलाई को बड़े देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है. इसके साथ ही पार्टी ने आह्रान किया है कि बड़ी संख्या में छात्र इसमें शामिल होकर इसे सफल बनाएं.
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 24 जुलाई को देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है. पार्टी ने छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. यह प्रदर्शन पेपर लीक मामले और छात्रों के तमाम मुद्दों और मांगों को लेकर किया जा रहा है. प्रदर्शनकारी छात्र लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं.
सीजेपी ने इस प्रदर्शन की जानकारी एक डिजिटल पंफलेट के जरिये शेयर की है. यह पंफलेट सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट किया जा रहा है. सीजेपी ने लोगों से अपील की है कि वह बड़ी संख्या में पीसफुल प्रोटेस्ट करें और एकजुटता दिखाएं.
संगठन ने हर जिले में एक दिन के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील करते हुए कहा है कि यह आंदोलन देशभर में पुलिस कार्रवाई के पीड़ितों के साथ एकजुटता जताने के लिए किया जाएगा. पोस्टर में ‘Every District. One Day. One Demand.’ का संदेश दिया गया है. प्रदर्शन शुक्रवार, 24 जुलाई को आयोजित होगा और इसके लिए छात्र संगठनों व अन्य सामाजिक संगठनों से मिलकर लोकल लेवल पर परमिशन और जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा गया है.
CJP ने प्रदर्शन के दौरान इकट्ठा हुए लोगों के सामने छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़ने और पुलिस कार्रवाई का सामना करने वालों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने की अपील की है. संगठन ने बताया है कि प्रदर्शन से संबंधित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP), प्रचार सामग्री (Collaterals) और ज्ञापन (Memorandum) का प्रारूप उसकी वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है. पोस्टर के अंत में ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ देशभर के लोगों से इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है.
