मध्यप्रदेश में नायब तहसीलदार बनने का मौका, 73 पदों पर भर्ती का ऐलान, 17 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन

By Ashish Meena
सितम्बर 15, 2026

मालवा जंक्शन, भोपाल।
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने नायब तहसीलदार विभागीय समिति प्रतियोगी परीक्षा-2026 का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार के कुल 73 पदों पर भर्ती की जाएगी। मंडल 17 सितंबर से इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। पात्र कर्मचारी 1 अक्तूबर तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं। यह भर्ती सामान्य खुली प्रतियोगिता से अलग है, जिसमें केवल मध्य प्रदेश राजस्व विभाग में कार्यरत पात्र कर्मी ही भाग ले सकते हैं।

दो अलग संवर्गों में विभाजित

कर्मचारी चयन मंडल ने कुल 73 पदों को दो अलग-अलग संवर्गों में विभाजित किया है। लिपिकीय संवर्ग के अंतर्गत कुल 46 पद रखे गए हैं, जिनमें 32 नियमित और 14 बैकलॉग पद शामिल हैं। वहीं पटवारी व राजस्व निरीक्षक संवर्ग के लिए कुल 27 पद तय किए गए हैं, जिनमें 12 नियमित और 15 बैकलॉग पद शामिल हैं। चयन बोर्ड ने इन सभी पदों का वेतनमान लेवल-9 निर्धारित किया है। चयनित अभ्यर्थियों को 36,200 रुपये से लेकर 1,14,800 रुपये तक का वेतन प्राप्त होगा।

Also Read – MP में दर्दनाक हादसा, कुएं में मिली 4 भाइयों की लाशें, मातम में डूबा पूरा गांव

पात्रता और अनुभव की शर्तें

इस विभागीय चयन परीक्षा में केवल वही कर्मचारी शामिल हो सकते हैं जो मध्य प्रदेश राजस्व विभाग की निर्धारित लिपिकीय सेवा या पटवारी व राजस्व निरीक्षक संवर्ग में सेवा दे रहे हैं। आवेदक के पास संबंधित पद पर कम से कम पांच वर्ष की स्थायी या स्थानापन्न सेवा का अनुभव होना अनिवार्य है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कला, विज्ञान, वाणिज्य, कृषि या इंजीनियरिंग विषय में स्नातक की डिग्री होना आवश्यक है। उम्मीदवार की अधिकतम आयु 1 जनवरी 2026 तक 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। कोई भी कर्मचारी इस विभागीय परीक्षा में अधिकतम तीन बार ही सम्मिलित हो सकता है।

दो वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्रों की परीक्षा होगी

मंडल इस चयन के लिए दो वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्रों की परीक्षा आयोजित करेगा। प्रत्येक प्रश्नपत्र 100 अंकों का होगा और अभ्यर्थियों को हल करने के लिए दो-दो घंटे का समय मिलेगा।

प्रथम प्रश्नपत्र में सामान्य तर्कशक्ति, सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, सामान्य विज्ञान और कंप्यूटर से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। द्वितीय प्रश्नपत्र में सरकारी सेवा नियम, राजस्व शब्दावली, मध्य प्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959, रेवेन्यू बुक सर्कुलर और लैंड रिकॉर्ड्स रूल्स से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए सामान्य वर्ग को न्यूनतम 55 प्रतिशत और अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग को 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। इच्छुक उम्मीदवार मंडल की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर 17 सितंबर से आवेदन भर सकते हैं। फॉर्म में संशोधन की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर 6 तय की गई है। मंडल 14 नवंबर से परीक्षा आयोजित करेगा, जिसके लिए आवेदन शुल्क 2000 रुपये और निर्धारित पोर्टल शुल्क देय होगा।

आगे ये भी पढ़ें :
Ashish Meena

Ashish Meena

ashish-meena

आशीष मीणा हिंदी पत्रकार हैं और राष्ट्रीय तथा सामाजिक मुद्दों पर लिखते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और वह तथ्यात्मक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं।

»