देवास जिले में चलती बस का टायर फटा, अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, मचा हड़कंप
By Ashish Meena
सितम्बर 29, 2026
देवास-इंदौर रोड पर तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर रसूलपुर बायपास पर ट्रांसपोर्ट नगर के सामने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस घूमते हुए बायपास से नीचे उतर गई। इस हादसे में कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं बस में सवार 30 वर्षीय आस्था जोशी निवासी रामनगर देवास बाहर जा गिरीं। उन्हें गंभीर चोट आने पर इंदौर रेफर किया गया। आस्था इंदौर की निजी कंपनी में नौकरी करती हैं और रोजाना अप-डाउन करती हैं।
हादसा सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। बस क्रमांक एमपी13-पी1510 में 30 से अधिक यात्री सवार होने की बात सामने आई है। इनमें अधिकांश देवास-इंदौर के डेली अप-डाउन करने वाले यात्री थे। प्रारंभिक तौर पर टायर फटने के कारण बस का संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
Also Read – खातेगांव विधानसभा को बड़ी सौगात, ग्रामीण इलाकों की इन 10 सड़कों को मिली मंजूरी, टेंडर हुए जारी
बस का चालक और कंडक्टर हादसे के बाद मौके से भाग गए। पुलिस ने बस जब्त कर ली है। औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा गया। बस को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
समय पर नहीं होता बसों का मेंटेनेंस
बात दें कि, इंदौर देवास के बीच प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री बसों में सफर करते हैं। जानकारी के अनुसार इनमें ज्यादा संख्या प्रतिदिन अप डाउन करने वालों की है। इस रूट पर चलने वाली अधिकांश बसों का समय पर मेंटेनेंस भी नहीं किया जाता है। सभी निजी ऑपरेटरों की बसें होने के कारण लोगों के पास यात्रा का अन्य कोई सुरक्षित माध्यम भी नहीं है।
Also Read – भैरुंदा सिविल अस्पताल परिसर में मिला अज्ञात शव, फैली सनसनी; जांच में जुटी पुलिस
रफ्तार और रेस पहले भी बनी हादसों की वजह
देवास-इंदौर रूट पर तेज रफ्तार बसों से पहले भी हादसे हो चुके हैं। इस रूट पर बसों के परमिट की टाइमिंग में कुछ ही मिनटों का अंतर है। इसके चलते एक ही समय में चलने वाली बसों के बीच यात्रियों को पहले बैठाने और गंतव्य तक पहले पहुंचने की प्रतिस्पर्धा बनी रहती है।
दिन में कई बार आगे-पीछे चलने वाली बसें इंदौर से देवास शहर तक लगभग एक ही समय में पहुंचती हैं। ऐसे में बसों के बीच रेस जैसी स्थिति बनने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
